उरई। मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस का मुख्य आयोजन तहसील सभाकक्ष कालपी में किया गया। जिसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी डा. मन्नान अख्तर ने की। अधिवक्ता एसोसिएशन कालपी के प्रतिनिधि मंडल ने अध्यक्ष रामकुमार तिवारी के नेतृत्व में इस अवसर पर जिलाधिकारी से भेंटकर उन्हें 11 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा।
इसमें कहा गया है कि तहसील परिसर में वादकारियों के लिए पेयजल की भीषण समस्या है। जिसका शीघ्र निस्तारण होना चाहिए। उन्होंने यह भी शिकायत की कि नकल, खसरा व अन्य अभिलेखों के कागज देने में लेखपाल सुविधा शुल्क मांगते हैं।
वकीलों ने मांग उठाई कि पुराने वैनामों के आधार पर नियमानुसार तरीके से राजस्व अधिकारियों द्वारा दाखिल-खारिज किया जाये। इसी प्रकार कंप्यूटर की गलती पर कागज दुस्तीकरण में कास्तकारों को अकारण परेशान न किया जाये। अहलमद माल के पटल पर कर्मचारी की नियुक्ति की जाये। नकल बाबू की नियुक्ति कराई जाये।
जिलाधिकारी ने वकीलों के प्रतिनिधि मंडल को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का नियमों के तहत जल्द निस्तारण कराया जायेगा। ज्ञापन देने में अमर सिंह निषाद, इस्लाम अहमद, महामंत्री देवेंद्र कुमार श्रीवास्तव, मनोज जाटव, रविंद्र श्रीवास्तव, सलीम अंसारी सहित दर्जनों वकील शामिल थे। इस मौके पर उपस्थित उप जिलाधिकारी सतीश चंद्र तथा तहसीलदार शालिकराम को आवश्यक निर्देश दिये।
उधर संपूर्ण समाधान दिवस में 126 प्रार्थनापत्र पंजीकृत हुए। जिनमें चार का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह के साथ डीएम सीधे तहसील के सभागार में पहुंचे और फरियादियों से रूबरू होकर उनकी समस्याओं को सुना। एक फाइनेंस कंपनी के द्वारा समय पूरा होने के बाद भी भुगतान न किये जाने एफआईआर के निर्देश दिये। इसी प्रकार आमना खातून की शिकायत पर समस्या को निपटाया गया। दशहरी तथा उतारा ग्रामों के भूमि विवाद के प्रकरण निस्तारित किये गये। पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने उपस्थित प्रभारी निरीक्षकों तथा थानेदारों को अपराध नियंत्रण के टिप्स दिये।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा. अल्पना बरतारिया, जिला वन अधिकारी बीएल अहिरवार, परियोजना निदेशक अशोक कुमार गुप्ता, सीओ सुबोध गौतम, विद्युत विभाग के अधिशाषी अभियंता तरनवीर सिंह, उपखंड अधिकारी अजय कुमार, जल संस्थान के अवर अभियंता सभापति यादव, खंड शिक्षाधिकारियों में महेश शर्मा व सर्वेश कठेरिया, कालपी कोतवाल सुधाकर मिश्रा, सिरसा कलार थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर जाकिर हुसैन, चुर्खी के प्रभारी निरीक्षक रुद्र कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अफसर मौजूद थे।







Leave a comment