उरई । मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. अल्पना बरतारिया व सीओ सदर संतोष कुमार ने बुधवार को जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर/इमरजेंसी के बाहर खड़ी रहने वाली प्राइवेट एम्बुलेंसों को हटवा दिया। इस दौरान सीएमओ ने स्पष्ट किया कि इमरजेंसी के बाहर सड़क किनारे जो जगह है वहां पर सरकारी एम्बुलेंसों को खड़ी करने के लिये स्थाई स्टैंड का निर्माण जल्द कराया जायेगा ताकि उससे पीड़ितों को लाभ मिल सके।
उल्लेखनीय हो कि लंबे समय से जिला अस्पताल परिसर व इमरजेंसी के बाहर प्राइवेट एम्बुलेंस वाहनों का जमावड़ा बना रहता था जिससे पीड़ितों को ही नहीं बल्कि उनके तीमारदारों को भी समय-समय पर असुविधाओं का सामना करने को विवश होना पड़ता था। पिछले दिनों समाचार पत्र ने इस संबंध में समाचार प्रकाशित किया था जिसका संज्ञान आला अधिकारियों ने लेते हुये मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. अल्पना बरतारिया को निर्देशित किया था कि वह जिला अस्पताल परिसर व गेट के बाहर खड़ी होने वाली प्राइवेट एम्बुलेंसों को हटवायें। आज बुधवार को सीएमओ डा. अल्पना बरतारिया, सीओ सदर संतोष कुमार के साथ इमरजेंसी पहुंची जहां पर पहले से ही खड़ी प्राइवेट एम्बुलेंसों को सख्ती से हटवाया। इस दौरान सीओ सदर ने प्राइवेट एम्बुलेंस चालकों को चेतावनी दी कि यदि भविष्य में इस स्पष्ट पर एम्बुलेंसों को खड़ा किया तो उनका चालान किया जायेगा। प्राइवेट एम्बुलेंसों को हटवाने के बाद सीएमओ डा. अल्पना बरतारिया ने कहा कि इमरजेंसी के बाहर खाली करायी गयी जमीन पर सरकारी एम्बुलेंसों के खड़े होने के लिये स्थाई स्टैंड का निर्माण जल्द कराया जायेगा ताकि उससे मरीजों व तीमारदारों को सुविधा मिल सके।




Leave a comment