कालपी-उरई। शनिवार को सर्किल के सभी थानों में लोगों के भूमि संबंधी विवादों के निस्तारण के लिए समाधान दिवस के अनुष्ठान हुए। हालांकि अभी तक समाधान दिवस की उपलब्धि पीड़ितों के गुस्से की तपिश को नियंत्रित रखने वाले सैफ्टीबाल्व मात्र की मानी गई है। इसलिए इसकी सार्थकता पर लोग प्रश्नचिन्ह लगाते हैं।
कालपी में आयोजित समाधान दिवस की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी महेवा अजितेश ने की जिसमें प्रभारी निरीक्षक सुधाकर मिश्र भी उपस्थित रहे। इस दौरान 9 मामले पेश किये गये। जिसमें मोहल्ला रामगंज निवासी सौरभ कुमार गुप्ता ने मौजा अहमदपुर दिवारा स्थित उनकी जमीन पर आरोपी शिवकुमार द्वारा अवैध कब्जा करने की शिकायत की। कविता देवी निवासी मोहल्ला तरीबुल्ला ने पड़ोसी पर सड़क मार्ग को रोककर अवैधानिक ढंग से कब्जा करने का आरोप लगाया।
पीड़ित महिला सुहाग देवी ने उनके अपने घर पर अवैध कब्जे की शिकायत की। पुलिस के दावे के अनुसार तीनों प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण हो गया जबकि अन्य मामलों के निस्तारण के लिए राजस्व एवं पुलिस की टीमें भेजी गईं। वरिष्ठ उपनिरीक्षक विक्रम सिंह, उप निरीक्षक सर्वेश सिंह, राजीव त्रिपाठी, जगत नारायण, लेखपाल हरेंद्र सिंह प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
उधर आटा थाने में उप जिलाधिकारी सतीश चंद्र तथा पुलिस उपाधीक्षक सुबोध गौतम की संयुक्त अध्यक्षता में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें नायब तहसीलदार हर प्रसाद व थानाध्यक्ष आनंद सिंह भी मौजूद रहे। यहां दो प्रकरण सामने आये। दावे के अनुसार दोनों का ही मौके पर निस्तारण कर दिया गया। चुर्खी थाना में तहसीलदार शालिकराम की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित हुआ। उधर जालौन सर्किल के सिरसाकलार थाने में भी समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें उप जिलाधिकारी भैरपाल सिंह, पुलिस उपाधीक्षक संजय कुमार शर्मा, थानाध्यक्ष जाकिर हुसैन, उप निरीक्षक अरुण कुमार तिवारी, लेखपाल दीपक कुमार, आकाश तिवारी, विवेक कुमार, कृष्ण खरे और आनंद कुमार मौजूद रहे। इसमें भिटारी निवासी रोहित सिंह और उनके भाई पप्पू व बहन राजवती ने अपनी जमीन पर कब्जे की शिकायत की जिसको निस्तारित करते हुए उनसे उप जिलाधिकारी अदालत कालपी के समक्ष वाद प्रस्तुत करने को कहा गया।
उरई सर्किल के डकोर में समाधान दिवस पर जिलाधिकारी डा. मन्नान अख्तर और पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने फरियादियों को सुना। उन्होंने सहयोगियों को ईमानदारी के साथ पीड़ितों को राहत दिलाने के निर्देश दिये।

Leave a comment