उरई। जिलाधिकारी डा. मन्नान अख्तर की अध्यक्षता में शनिवार को  कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मुख्यमंत्री के सम्भावित जनपद भ्रमण को दृष्टिगत रखते हुए जनपद में संचालित निर्माण एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिये गये कि वह अपने विभाग की पूर्ण परियोजनाओं एवं प्रारम्भ होने वाली परियोजनाओं एवं कार्यों की, जो मुख्यमंत्री जी के द्वारा लोकार्पण एवं शिलान्यास कराई जानी है। उनकी सूची तत्काल उपलब्ध करा दें। जिन विभागों के कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास कराये जाने है उनके पत्थर पीडब्ल्यूडी से प्राप्त साइज तथा मैटर के अनुसार ही बनेंगे। कोई भी पत्थर का साइज कम या ज्यादा नहीं होगा। सभी विभाग अपने-अपने विभाग की लाभार्थीपरक योजनाओं से लाभान्वित लाभार्थियों की सूची तैयार कर ले और जिन्हे मंच तक ले जाना है उन्हें निर्धारित स्थान पर बैठायेंगे। इसके साथ ही जिन विभागों को जितने लाभार्थियों को पण्डाल में लाने के लिए निर्देशित किया गया है वह उन लाभार्थियों को लाने हेतु अभी से उनसे सम्पर्क करके उन्हें अवगत करायें। जिससे वह निर्धारित तिथि पर उपस्थित रह कर कार्यक्रम में अपनी सहभागिता कर सकें। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अमरेन्द्र प्रसाद सिंह, मुख्य विकास अधिकारी एसपी सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रमिल कुमार सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. अल्पना बरतारिया सहित अन्य समस्त जिला स्तरीय अधिकारी एवं इंजीनियर उपस्थित रहें।

Leave a comment