उरई। कदौरा थाना क्षेत्र में पिछले दिनों रसूलपुर मोड़ पर हत्या कर फेकें गये शव के मामले में मृतक के दामाद को पुलिस ने बुधवार को तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया और जेल भेज दिया।
मृतक महावीर कुरारा हमीरपुर का रहने वाला था। उसकी बड़ी पुत्री लक्ष्मी का विवाह जालौन कोतवाली क्षेत्र के छिरिया सलेमपुर निवासी मनोज कुमार से हुआ था। बाद में लक्ष्मी और मनोज के बीच इस सीमा तक अनबन हो गई कि अदालत में मुकदमा शुरू हो गया। जिसकी वजह से लक्ष्मी डेढ़ वर्ष पहले ससुराल छोड़कर मायके आ गई थी।
इसी बीच लक्ष्मी की छोटी बहन माधुरी का विवाह भी महावीर ने तय कर दिया। घटना के समय मनोज ने महावीर को माधुरी के विवाह के दहेज का सामान खरीदवाने के बहाने उरई बुला लिया था। इसी झांसे में जब महावीर उसके पास चंगुल में फंस गया तो उसने महावीर की हत्या कर उसका शव गाड़ी से कदौरा के पास रसूलपुर मोड़ पर फेक दिया।
महावीर के परिजनों ने इस मामले में मनोज कुमार उसके पिता तुलाराम और बड़े भाई मुकेश कुमार के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। इसे लेकर पुलिस कई दिन से मनोज कुमार की तलाश में थी लेकिन वह हत्थे नही चढ़ पा रहा था। आज कालपी के पुलिस उपाधीक्षक सुबोध कुमार गौतम के निर्देशन में थानाध्यक्ष अशोक कुमार उपाध्याय ने मुखबिर की पक्की सूचना पर उसे तब घेर लिया जब वह अपनी सेंट्रो कार से जा रहा था। तलाशी में उसके पास से एक तमंचा जिसके साथ एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया गया है। हत्या और शस्त्र अधिनियम के तहत मनोज को पुलिस ने अदालत में पेश कर जेल भेज दिया।

Leave a comment