उरई। जिला सहकारी संघ के सभापति के प्रतिष्ठापूर्ण चुनाव में बुधवार को भाजपा के जिला उपाध्यक्ष शैलेंद्र पांडेय डग्गू निर्विरोध निर्वाचित हो गये। नामांकन के समय तक अकेले उन्होंने पर्चा भरा जिसके चलते सिटी मजिस्ट्रेट प्रदीप कुमार सिंह ने उन्हें समय समाप्त होते ही निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया। बाद में सहकारी संघ से घंटाकर स्थित उनके आवास पर समर्थकों ने फूलमालाओं से लादकर उनका भव्य जुलूस निकाला और जिंदाबाद के नारे लगाये।
जिला सहकारी संघ यानी डीसीडीएफ जिले की शीर्ष सहकारी संस्था में शुमार है। इस कारण डीसीडीएफ के सभापति के लिए दिग्गजों की निगाहें जमी हुईं थीं। सत्तारूढ़ भाजपा के अंदर भी इसके लिए कम घमासान नही था। इसलिए लग रहा था कि शैलेंद्र पांडेय को यह कुर्सी हासिल करने के लिए चुनौतीपूर्ण स्थिति का सामना करना पड़ेगा।
पर शैलेंद्र पांडेय ने शुरू से ही सशक्त व्यूह रचना की। जिससे सभी चुनौतियों का निराकरण होता चला गया। अंततोगत्वा उनके निर्विरोध निर्वाचन का रास्ता तैयार हो गया जो कि उनकी बहुत बड़ी कामयाबी और राजनीतिक कुशलता का नमूना माना जा रहा है। शैलेंद्र पांडेय के विजय जुलूस में भाजपा के जिलाध्यक्ष उदयन पालीवाल व वरिष्ठ नेता संजय भदौरिया के अलावा राजीव पाठक, अमित निरंजन, दिवाकर शास्त्री आदि भी शामिल रहे।

Leave a comment