उरई। विद्युत शार्टसर्किट के कारण तीन घरों में आग लग गई। जिसमें लगभग 75 हजार रुपये की नगदी बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के जेवर, गल्ला व गृहस्थी का अन्य सामान जल गया। दमकल गाड़ी को पहुंचने में काफी विलंब हुआ इसके पहले ही आग तबाही मचाकर शांत हो चुकी थी।
बुधवार को गोहन थाने के ग्राम गढ़िया में अशोक पुत्र नाथूराम के कच्चे घर में विद्युत शार्टसर्किट के कारण आग लग गई। देखते ही देखते विकराल लपटे उठने लगी जिसकी चपेट में अशोक कुमार के बगल में रहने वाले उनके भाई अमर सिंह और नबाव खां के घर भी आ गये। अशोक के घर में 35 हजार रुपये नगद, जेवर व तीस कुतंल गल्ला आग की भेंट चढ़ गया। अमर सिंह के घर में 5 हजार रुपये नगद और पूरी गृहस्थी का सामान जल गया। नबाव खां के घर मे भी 35 हजार रुपये नगद रखे थे इसके अलावा महिलाओं का जेवर और पांच कुतंल गेंहूं था। सारा माल-असबाब खाक हो गया।
ग्रामीणों ने पहले उप जिलाधिकारी माधौगढ़ को अग्निशमन की गाड़ी भिजवाने के लिए फोन किया तो पता चला कि सिहारी में उनकी गाड़ी गई है जहां पहले से आग लगी है। इसी तरह जालौन तहसील से भी तत्काल दमकल की व्यवस्था नही हो सकी क्योंकि हदरुख में भी आग लगी थी। जहां पहले से गाड़ी मौजूद थी। काफी देर बाद जब तक दमकल की गाड़ी पहुंची तब तक तीनों घरों में सर्वनाश हो चुका था।

Leave a comment