उरई। पुलिस ने ट्रैक्टर लूटने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। जिनसे दो ट्रैक्टर बरामद किये गये हैं। तीन लोगों को इस सिलसिले में पकड़ा गया है। उनके पास से दो देशी तमंचे भी मिले हैं।
जनपद में ट्रैक्टर चोरी और लूट की वारदातों से पुलिस परेशान थी। गत 7 जनवरी को गोहन में वीरपाल का सोनालिका ट्रैक्टर अज्ञात बदमाशों ने चोरी कर लिया था। इसी क्रम में 12 अप्रैल को कुठौंद में नहर पुलिया से अज्ञात बदमाश ड्राइवर सोबरन सिंह से महिंद्रा ट्रैक्टर छीन ले गये थे।
पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने ट्रैक्टरों के साथ वारदात में लगे गिरोह का पर्दाफाश करने के लिए गोहन और कुठौंद पुलिस के अलावा स्वाट व सर्विलांस टीम को भी लगा दिया। इसके परिणाम स्वरूप जल्द ही गिरोह में शामिल बदमाशों के चेहरे सामने आ गये। इसके बाद उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस ने जाल बिछाया। जिसमें शुक्रवार को उस समय सफलता मिली जब देवनपुरवा से शंकरपुर जाने वाली सड़क के किनारे स्थित मंदिर के पास बनी कोठरी में आरोपी ट्रैक्टरों के साथ ग्राहकों का इंतजार कर रहे थे। पकड़े गये आरोपियों में गोल्टू उर्फ मानवेंद्र सिंह गुर्जर निवासी रजपुरा थाना अजीतमल जिला औरैया, आनंद नागर उर्फ अन्नू निवासी हाजीपुर थाना अजीतमल जनपद औरैया और प्रीतम यादव निवासी बनकरी थाना जैदपुर जिला आगरा शामिल हैं। आरोपियों से उक्त दोनों ट्रक्टरों के अलावा दो तमंचे व 15 जिंदा कारतूस बरामद हुए। गोल्टू व अन्नू के खिलाफ पहले से कई मुकदमें दर्ज हैं।

Leave a comment