कुठौंद-उरई। बाजार बंदी के दिन श्रम अधिकारी ने शुक्रवार को कस्बे में दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानें खुली पाई जाने पर एक दर्जन से अधिक लोगों के चालान काटे गये और उनकों हिदायत दी गई।
श्रम अधिकारी ने बाजार बंदी के कड़ाई से अनुपालन का निर्देश दुकानदारों के लिए जारी किया था। इसके बावजूद कई दुकानदार शुक्रवार को भी दुकाने खोले रखकर धींगामुश्ती दिखा रहे थे। इससे अवगत होने पर आज श्रम अधिकारी आरके चतुर्वेदी ने वरिष्ठ सहायक रमेश चंद्र द्विवेदी के साथ कस्बे का आकस्मिक निरीक्षण किया। जिसमें दुकानें खुली मिलने पर 17 लोगों का चालान काटा गया। आरके चतुर्वेदी ने कहा कि अगले शुक्रवार को भी यह क्रम जारी रहेगा। इस दौरान पुलिस भी उनके साथ रहेगी। कस्बा व्यापार संघ के अध्यक्ष रामआसरे शर्मा, कोषाध्यक्ष नीरज गुप्ता, सोनू दुबे, मुरली, राजेश महाराज, भगवान दुबे और दिलीप आदि ने श्रम अधिकारी की कार्रवाई का स्वागत किया है और सभी दुकानदार भाइयों से बाजारबंदी में सहयोग करने की अपील की है।

Leave a comment