कालपी-उरई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के दो चिकित्सक कई दिनों से लापता चल रहे हैं। अधीक्षक ने उनके खिलाफ पत्राचार भी किया लेकिन विभाग की ओर से कार्रवाई की पहल न होने से लापता डाक्टर बेपरवाह बने हुए हैं।
विदित हो कि बीते वर्ष डा. आलोक गुप्ता की तैनाती स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में की गई थी। उन्होंने छह-सात माह तो अपनी डयूटी को सही तरीके से अंजाम दिया लेकिन बाद में वह एक सप्ताह के अवकाश की अर्जी देकर ऐसे गोल हुए कि आठ महीने से अधिक गुजर जाने के बाद भी वे अभी तक वापस आने का नाम नही ले रहे हैं।
इसी प्रकार लोक सेवा आयोग से चयनित होकर आये डा. इंद्र बहादुर सिंह ने मुख्य चिकित्साधिकारी के आदेश के अनुसार फरवरी 2018 में बतौर फिजीशियन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनाती तो दर्ज कराई लेकिन ज्वाइनिंग के ही दिन उन्होंने सप्ताह भर के अवकाश की अर्जी दी और चले गये। वे भी वापस लौटने का नाम नही ले रहे हैं।
दो महत्वपूर्ण डाक्टरों के इस तरह गायब हो जाने से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सा व्यवस्था चरमरा गई है। चिकित्साधीक्षक डा. मुलायम सिंह ने बताया कि वे डाक्टरों की गैरहाजिरी को लेकर उच्चाधिकारियों को पत्राचार के माध्यम से अवगत करा चुके हैं लेकिन अभी तक उन पर कोई एक्शन नही हुआ है। उधर जनता में डाक्टरों के इस मनमानी पर घोर आक्रोश व्याप्त है।







Leave a comment