
कोंच-उरई । बीती रात घुसिया मोड़ पर साधन सहकारी समिति जुझारपुरा के प्रबंध निदेशक जयनारायण झा की सडक़ दुर्घटना में मौत हो गई। वे रात में अपने खेत से बाइक से लौट रहे थे तभी एक चार पहिया वाहन ने उनकी बाईक में टक्कर मार दी जिससे वह छिटक कर दूर जा गिरे। सूचना पर पहुंची यूपी 100 ने उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया लेकिन गंभीर स्थिति होने के कारण उन्हें ग्वालियर ले जाया जा रहा था, रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। शव को पोस्टमॉर्टम के लिये भेजा गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक साधन सहकारी समिति जुझारपुरा के एमडी जयनारायण झा पुत्र नाथूराम निवासी गोखलेनगर कोंच का महंतनगर मौजे में खेत है। बीती रात लगभग दस बजे वह खेत का प्लाऊ करा कर लौट रहे थे। अभी उनकी बाईक यूपी 92 आर 7063 घुसिया मोड़ पर ही पहुंची थी कि सामने से आ रहे चार पहिया वाहन महिन्द्रा एसयूवी यूपी 93 एजेड 7268 ने टक्कर मार दी जिससे जयनारायण सडक़ पर दूर जा गिरे और लहूलुहान हो गये। टक्कर मारने बाला वाहन भी अनियंत्रित होकर वहीं खाई में घुस गया जिसे पुलिस ने अपनी कस्टडी में ले लिया है। सूचना पर यूपी 100 मौके पर पहुंची और बुरी तरह घायल जयनारायण को सीएचसी में भर्ती कराया लेकिन स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें ग्वालियर के लिये रेफर कर दिया गया। ग्वालियर ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। शव को पोस्टमॉर्टम के लिये भेजा गया है।







Leave a comment