कोंच-उरई । शनिवार की दोपहर गांव रामपुर सनेता

में एक दंपत्ति ने अपने खेत में कटाई के बाद के बचे अवशेषों में आग लगा दी। हवा तेज होने के कारण उस खेत के आग से उठीं चिंगारियों ने एक अन्य किसान के खेत में मड़ाई के लिये रखी गई दो ट्रॉली अरहर में पहुंच गई और देखते ही देखते पूरी अरहर राख में तब्दील हो गई। आसपास के पेड़ों के पत्ते भी झुलस गये। सूचना पर दमकल कर्मियों का जबाब कि उन्हें दूसरी जगह जाना है, सुन ग्रामीणों ने ही किसी तरह आग पर काबू पाया।

मिली जानकारी के मुताबिक कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रामपुर सनेता निवासी राजेन्द्रसिंह निरंजन दत्तक पुत्र किसुनप्रसाद का बंबा के किनारे बाग है जिसमें उन्होंने उन्नत किस्मों के आम, अमरूद, बेर आदि के दर्जनों पेड़ लगा रखे हैं। उन्होंने अपने खेत में अरहर बोई थी जिसे काट कर मड़ाई की तैयारी में सारी अरहर एक जगह इकट्ठा करके रखी गई थी। बताया गया है कि उनके खेत से थोड़ी ही दूरी पर गजेन्द्र पुत्र श्यामलाल का खेत है जिकी फसल कट जाने के बाद बचे अवशेषों में आज गजेन्द्र व उसकी पत्नी ने आग लगा दी और घर चले गये। तेज हवा के कारण गजेन्द्र के खेत से उठी चिंगारी राजेन्द्र की अरहर में जाकर गिरी और देखते ही देखते पूरी दो ट्रॉली अरहर जल कर राख में तब्दील हो गई। सूचना पर दमकल के नहीं पहुंचने की स्थिति देख ग्रामीणों ने ही समर्सिबिल से आग बुझाई। इस आगजनी में लगभग साठ हजार के नुकसान का अनुमान है। राजेन्द्र ने कोतवाली में तहरीर दे कर यह भी बताया है कि उसके बाग के तमाम पेड़ भी बुरी तरह झुलस गये हैं।

 

Leave a comment