
कालपी-उरई । बिना मान्यता के स्कूल का संचालन करने वालों कि अब खैर नहीं है । शनिवार को तहसीलदार सालिकराम के नेतृत्व में विभागीय अधिकारियों की टीम ने कालपी नगर के विद्यालयों में छापा मारा । मान्यता प्रमाण पत्र न होने के कारण आधा दर्जन स्कूल के संचालकों को नोटिस थमाकर विद्यालयों को बंद करने का फरमान जारी किया है। विभाग की इस कार्यवाही से शिक्षा माफियाओं के हौसले पस्त हो गए हैं।
प्रदेश के शिक्षा निदेशक तथा जिलाधिकारी के निर्देशन के अनुसार शनिवार को तहसीलदार के साथ खंड शिक्षा अधिकारी महेश शर्मा ,राजकीय हाई स्कूल दमरास के प्रधानाचार्य दयाराम गौतम , बद्री प्रसाद झा आदि की टीम ने नगर कालपी स्थित राजाराम चैधरी मेमोरियल न्यू सनराइज इंग्लिश स्कूल कागजीपुरा का निरीक्षण किया कक्षा 1 से कक्षा 8 तक की कक्षाओं का संचालन पाया गया। यह स्कूल बिना मान्यता प्रमाण पत्र के चलाया जा रहा था। प्रधानाचार्य तथा संचालक ने राजाराम चैधरी मेमोरियल स्कूल टरर्नगंज की मान्यता प्रमाण पत्र को दिखाया। यह स्कूल पहले से ही टंरनन गंज मोहल्ले में चल रहा है । इसी क्रम में सेंट जेवियर पब्लिक स्कूल टरनर्नगंज कालपी के निरीक्षण में टीम ने पाया कि कक्षा एक से 12 तक की कक्षाओं का अंग्रेजी शिक्षा माध्यम से संचालन हो रहा है ।इस स्कूल के संचालक मान्यता प्रमाण पत्र नहीं दिखा सके। तथा खुद ही गलती स्वीकार की। इसी क्रम में पैराडाइज मेमोरियल अकादमी मोहल्ला रामगंज कालपी में कक्षा 1 से 8 तक की कक्षाओं का बिना मान्यता प्रमाणपत्र के संचालन किया जा रहा था। टीम के द्वारा कागजात मांगने पर संचालक तथा प्रधानाचार्य ने बाबू लोकेंद्र नाथ विद्या मंदिर मोहल्ला उदनपुरा की मान्यता प्रमाण पत्र प्रस्तुत कर दिया। इस प्रमाण पत्र के आधार पर मोहल्ला उदनपुरा में पहले से ही विद्यालय चल रहा है। इसी क्रम में टीम ने जी सी आर शिक्षण संस्थान तरी बुल्दा में विना मान्यता प्रमाण पत्र के कक्षा नौ से 12 तक की कक्षाओं का संचालन होते हुए पाया गया । स्कूल के प्रधानाचार्य एवं संचालक प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं कर सके । टीम ने मां बनखंडी विद्या पीठ कालपी धाम विद्यालय का निरीक्षण किया। मान्यता प्रमाण पत्र को स्कूल के प्रधानाचार्य तथा संचालक उपलब्ध नहीं करा सके। इस क्रम में नगर शिक्षा अधिकारी महेश शर्मा तथा बद्री झा ने बताया कि निशुल्क एवं वाल शिक्षा अधिकार अधिनियम 2009 के प्रावधानों के तहत अनियमितता पाए जाने पर विद्यालयों के संचालकों को नोटिस देकर आगाह किया है कि बिना मान्यता प्रमाणपत्र के विद्यालयों का संचालन पाए जाने पर एक लाख रूपय जुर्माना तथा पुनः स्कूल का संचालन पाए जाने पर दस हजार रुपए प्रतिदिन के हिसाब से जुर्माना वसूला जायेगा। इसलिए बिना मान्यता प्राप्त प्रमाण पत्र के स्कूल का संचालन बंद कर दें । उल्लंघन करने पर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाएगी।







Leave a comment