कोंच—उरई । अपने खेत में चर रहीं तकरीबन पैंतीस बकरियों को खेत मालिक ने हांक कर बंधक बना लिया है। ये आरोप लगाया है बकरियों के मालिकों ने जिसमें यह भी स्वीकारा गया है कि उनकी बकरियां दूसरे के खेत में चर रही थीं। ग्राम बस्ती निवासी दुर्गादीन ने कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर बताया है कि उसकी तथा लखू, महेश, अंकित, जितेन्द्र आदि की तकरीबन पैंतीस बकरियां खेतों में चर रहीं थीं। इन बकरियों को दुर्गादीन का भतीजा रामकुमार चरा रहा था। उसे प्यास लगी तो वह बकरियों को अपने खेत पर ले गया और उन्हें चरता छोड़ पानी पीने घर आ गया। लौट कर जब वह खेत पर पहुंचा तो बकरियां नदारत थीं। दुर्गादीन का कहना है कि जब वह ढूंढते हुये धनौरा पहुंचा तो जानकारी मिली कि वहां एक व्यक्ति बकरियों को बंधक बनाये है और कह रहा है कि बकरियां उसके खेत में चर रहीं थीं लिहाजा दस हजार रुपया दो तभी बकरियां छोड़ेंगे।

 

Leave a comment