कोंच-उरई । दो दिन पूर्व एक दंपत्ति द्वारा अपने खेत में लगाई गई आग की चिंगारी से पड़ोसी खेत बाले की दो ट्रॉली अरहर की फसल जल गई थी जिसकी सूचना पर न तो पुलिस ही आज तक मौके का जायजा लेने पहुंची है और न ही दमकल को सूचना मिलने के बाद भी फुर्सत मिली वहां जाने की। हालात यह हैं कि अरहर में लगी आग आज भी अंदर ही अंदर सुलग रही है। इन दोनों विभागों की इतनी जबर्दस्त कार्यशैली यह बताने के लिये काफी है कि जन समस्याओं को लेकर ये विभाग कितने संवेदनशील हैं।

गौरतलब है कि 28 अप्रैल को कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रामपुर सनेता में राजेन्द्रसिंह निरंजन के खेत में मड़ाई के लिये दो ट्रॉली अरहर इकट्ठा करके रखी गई थी। पड़ोस के खेत बाले नरेन्द्र पुत्र श्यामलाल तथा उसकी पत्नी ने अपने खेतों में अवशेषों को जलाने के लिये आग लगा दी और अपने घर चले गये। आग की चिंगारी उड़ी और राजेन्द्रसिंह की अरहर में जा गिरी जिससे पूरी अरहर जल कर खाक हो गई। राजेन्द्र ने कोतवाली में पूरे मामले की शिकायत की, इसके साथ ही अग्निशमन विभाग को भी सूचना दी लेकिन दोनों में से एक भी विभाग आज दो दिन बीत जाने के बाद भी मौके पर यह देखने नहीं पहुंचे कि घटना क्या है। राजेन्द्र के मुताबिक अरहर में लगी आग अंदर ही अंदर अभी भी धुंधक रही है।

 

Leave a comment