उरई। सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण विभागीय अधिकारी समय सीमा के अन्दर दिये गये निर्देशों के अनुसार करायें।
उक्त बात जिलाधिकारी डा0 मन्नान अख्तर ने आज तहसील जालौन में सम्पूर्ण समाधान दिवस पर क्षेत्रीय जनता की राजस्व, विकास, विद्युत नलकूप सिंचाई, समाज कल्याण शिक्षा, स्वास्थ्य आवास आवंटन, कृषि, आपूर्ति, विकलांग, पंचायत राज विभाग आदि सम्बन्धित शिकायतें सुनने के उपरान्त वहां उपस्थित जनपद स्तरीय अधिकारियों से कही। उन्होंने कहा कि इन सभी शिकायतों को कम्प्यूटर पर आन लाइन किया जाता है और यह सभी शिकायतों को शासन स्तर पर भी देखा जा रहा है। जिस विभाग की शिकायतों का निस्तारण समय से तथा नियमानुसार नहीं होता है उन विभागों के अधिकारियों को सीधे शासन से उच्चाधिकारियों द्वारा दूरभाष के माध्यम से जानकारी ली जाती है। साथ ही शिकायतकर्ता की सन्तुष्टि भी उससे पूंछी जाती है। यदि निस्तारण ठीक तरह से नहीं पाया जाता है तो सम्बन्धित अधिकारियों के खिलाफ कार्यवाही प्रस्तावित कर दी जाती है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर सम्पूर्ण समाधान दिवस में सभी विभागीय अधिकारियों के सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों से सम्बन्धित अंकन रजिस्टर को देखा गया तथा निर्देश दिये कि वह सम्पूर्ण समाधान दिवस में शिकायत पंजिका लायेंगे जिसमें सभी शिकायतों का अंकन हो और निस्तारण की स्थिति भी अंकित हो। इसके साथ ही विभागीय सूचनायें भी लेकर आयें।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 95 शिकायतें प्राप्त हुई और मौके पर 09 का निस्तारण किया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अमरेन्द्र प्रसाद सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला वन अधिकारी, उपजिलाधिकारी भैरपाल सिंह, क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार जालौन सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहें।

Leave a comment