0 चौपाल में डीपीआरओ, एडीओ पंचायत को फटकार, सचिव के खिलाफ मुकदमें के आदेश
0 सुबह झाड़ू उठाकर अधिकारियों, सहयोगियों के साथ बुहारा गांव
0 पचनद के पर्यटकीय विकास के लिए हलचल भी शुरू
उरई। ग्राम स्वराज अभियान के तहत जिले के प्रभारी और प्रदेश के कारागार मंत्री जय कुमार जैकी ने रामपुरा ब्लाक के दलित बाहुल्य दूरवर्ती गांव उदोतपुरा जागीर को रात्रि विश्राम के लिए पड़ाव करके गुलजार कर दिया। बुधवार को सुबह उन्होंनें भाजपा कार्यकर्ताओं और अधिकारियों के साथ झाड़ू हाथ में लेकर गांव के रास्ते बुहारे। इसके बाद भ्रमण करते हुए गांव का चप्पा-चप्पा छाना और कमियों का जायजा लिया। उनकी पूर्ति के लिए 5 मई को फिर खुली बैठक कर विस्तृत खाका तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिये। इसके बाद वे पचनद पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ की घोषणा के अनुरूप हेरिटेज टूरिज्म की संभावनाएं टटोलते हुए यहां के सुंदरीकरण का नक्शा उन्होंने अपने दिमाग में सहेजा।
एडीओ पंचायत पर फेक कर मारी फाइल
मायावती की सरकार ने अंबेडकर ग्राम का दर्जा प्राप्त रहे उदोतपुरा जागीर का अभी भी कोई पुरसा हाल नही है। प्रभारी मंत्री ने बीती रात सबसे पहले यह चौपाल लगाई जिसमें उनके साथ विधायक मूलचंद्र निरंजन भी मौजूद रहे। खुद मंत्री जी को इस चौपाल में एहसास करना पड़ा कि अधिकारियों और कर्मचारियों में बढ़ती जा रही निरंकुशता की वजह से व्यवस्था का ढाचा इस तरह चरमरा गया है। गांव में हुए कार्यों की रिपोर्ट की केवल एक प्रति तैयार कराई गई थी। जब अपने लिए भी रिपोर्ट की कापी न होने की स्थिति प्रभारी मंत्री के सामने आई तो उनका पारा गर्म हो गया। उन्होंने एडीओ पंचायत अंगद सिंह पर झुंझलाहट में टेबिल पर रखी एक फाइल दे मारी। जिला पंचायत राज अधिकारी राजबहादुर को खरी-खोटी सुनाई।
आवास आवंटन में घपला
आवास आवंटन में हुई घपलेबाजी सामने आने पर जैकी ने पंचायत सचिव प्रमोद कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिये। गांव की ही भाजपा के अनुसूचित जाति मोर्चें की महिला विंग की पदाधिकारी और क्षेत्र पंचायत सदस्य ममता दोहरे के यहां उन्होंने भोजन और रात्रि विश्राम किया।
सुबह जब मंत्री जी तैयार होकर झाड़ू लगाने को तत्पर हुए तो उन्होंने अधिकारियों की हाजिरी भी ली। उप जिलाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक के साथ कई विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। लेकिन कई विभागों ने प्रभारी मंत्री के महत्वपूर्ण समीक्षा दौरे में भी अपना प्रतिनिधि भेजने की जहमत नही उठाई। मंत्री जी ने इन विभागों की सूची तैयार कर जबाब तलब करने के निर्देश दिये। पचनद का जायजा लेने के बाद उन्होंने माधौगढ़ में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र व गेंहूं क्रय केंद्रों का निरीक्षण भी किया।
पर्यटन के अंतर्राष्ट्रीय मानचित्र पर नक्श होगा पचनद
प्रभारी मंत्री ने पचनद पर सबसे पहले बाबा साहब के मंदिर के दर्शन किये। इसके बाद पांच नदियों के अनूठें संगम की अथाह जलराशि को निहारा। उन्होंने कहा कि अगर विदेशी पर्यटकों के लिए सुविधाएं जुटा दी जायें तो उन्हें भी यहां आने के लिए आकर्षित किया जा सकता है। पचनद के घाटों को पक्का कराकर उनके सुंदरीकरण की बात उन्होंने कही। वरिष्ठ भाजपा नेता विजय द्विवेदी ने मंत्री जी को पचनद के इतिहास व अन्य विशेषताओं के बारे में अवगत कराया।
कभी बेहद डरावना था उदोतपुरा का मंजर
कभी उदोतपुरा जागीर के नाम से लोग सिहर उठते थे। रामआसरे दोहरे व वीर सिंह तेली जैसे दुर्दांत डकैतों ने यहां जन्म लिया। जिनके आतंक के साम्राज्य से पूरा प्रदेश दहलता था। उस समय के एसएसपी उमाशंकर बाजपेयी की व्यूह रचना से जब रामआसरे 9 साथियों के साथ इस गांव में मारा गया तो पुलिस के इस कारनामें को लेकर देश भर के अखबारों में सुर्खियां बनी थीं। वीर सिंह तेली ने उसकी घेराबंदी करने आये रामपुरा के तत्कालीन एसओ जगमोहन पांडेय पर फायर झोककर उन्हें घायल कर दिया था जिसके बाद पुलिस में उसका खौफ छा गया था। दो दशक से ज्यादा समय से वीर सिंह तेली अंर्तध्यान है। इन दिनों प्रदेश भर में यूपी पुलिस लंबे समय से फरार बदमाशों का पकड़ने का अभियान चला रही है। लेकिन इस अभियान में भी वीर सिंह तेली की परछाई तक पुलिस नही पा सकी है। बहरहाल प्रभारी मंत्री के कार्यक्रम से दो दिन इस गांव में जंगल में मंगल जैसा माहौल रहा। परिवहन राज्य मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान और रामपुरा नगर पंचायत के चेयरमैन शैलेंद्र सिंह और भाजपा के तमाम क्षेत्रीय पदाधिकारी भी उपस्थित थे।







Leave a comment