उरई। डूडा के बाबू के भ्रष्टाचार के खिलाफ 6 दिन से कलेक्ट्रेट में धरना दे रहे परिवार के समर्थन में राष्ट्रीय विकलांग पार्टी के पदाधिकारियों ने मंगलवार को अर्द्धनग्न होकर प्रदर्शन किया जिससे खलबली मच गई।
डूडा के बाबू अरुण कुमार श्रीवास्तव के भ्रष्टाचार की शिकायतें पहले से ही चरम सीमा पर रहीं हैं। इस बीच उन्होंने पूनम पत्नी दयाराम को लहरियापुरवा की गरीब कालोनी के भू-तल में बने फ्लैट से 40 हजार रुपये खर्च हो जाने के बावजूद इसलिए बाहर निकलवा दिया क्योंकि उन्होंने बाबू की पांच हजार रुपये सुविधा शुल्क की मांग को पूरा करने में असमर्थता जता दी थी। इसके विरोध में पूनम और उनका पूरा परिवार 6 दिन से कलेक्ट्रेट में धरने पर है लेकिन संवेदनहीन प्रशासन के किसी अधिकारी ने उनकी फरियाद सुनने की जहमत अभी तक नही उठाई है।
पूनम के हमदर्दी में विकलांग पार्टी उनके धरने के समर्थन में खुलेआम सामने आ गई है। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष भगवान दास अहिरवार, मंडल अध्यक्ष सुरेश कुमा ब्यौना, महासचिव वीरसिंह चौहान, जिलाध्यक्ष लाखन सिंह खांगर, युवा जिलाध्यक्ष रामजी सिंह जादौन आदि ने आज धरने को हंगामी बनाते हुए कलेक्ट्रेट में अर्द्ध नग्न होकर प्रदर्शन किया। विकलांग पार्टी के पदाधिकारियों ने रेशमा पत्नी मुन्ना खान के मामले में भी डूडा के बाबू अरुण कुमार श्रीवास्तव के भ्रष्टाचार का खुलासा किया। उन्होंने कहा कि यह बेहद बेशर्म सरकार है जिसके अधिकारी किसी भी अन्याय और भ्रष्टाचार को संज्ञान में नही ले रहे फिर भी यह सरकार ईमानदारी का दम भरती है। यह सरकार अपनी करतूतों की वजह से पूरी तरह बेनकाब हो चुकी है। प्रदर्शन में जितेंद्र सिंह, श्यामसुंदर कुशवाहा कोंच, कैलाश कोरी, नाजिम उर्फ बाबी, संजय कुमार कुशवाहा, बृजेंद्र सिंह, क्रांतिदेवी, भगवान सिंह दददा, प्रमोद कुमार, विजय तिवारी, रसीद खान, जगदीश, रामजी यादव भरसूड़ा, रागिनी, पूनम, रेशमा खातून, सूरज, नीरज कुमार, गुडडी, सुनील, मलखान सिंह धमसैनी आदि भी शामिल रहे।







Leave a comment