उरई। विकास भवन में बुधवार को प्रभारी मंत्री जय कुमार जैकी की अध्यक्षता में प्रस्तावित जिला योजना की बैठक अंतिम क्षणों में नाटकीय ढंग से रदद कर दी गई। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी को लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण गृह में तलब कर लिया। जहां तीनों विधायकों की उपस्थिति में उन्होंने कमरा बंद करके उनसे गुप्त मंत्रणा की। इसे लेकर अटकलों का बाजार गर्म हो गया है।
जिला योजना की बैठक के लिए सभी आमंत्रित सदस्य और अधिकारी विकास भवन पहुंच गये थे। इसके बाद क्या हुआ जो रंग में भंग का कारण बन गया। यह बात रहस्य के गर्भ में है। बताया जाता है कि विधायकों को कई अधिकारियों से शिकायत थी। उनकी नाराजगी की वजह से बैठक में माहौल तनावपूर्ण होने की आशंका के चलते इसे स्थगित करने का फैसला प्रभारी मंत्री को लेना पड़ा।
प्रभारी मंत्री भाजपा के सहयोगी दल के हैं। जिससे भाजपा के लोग उनके साथ बेहतर ढंग से तालमेल नही बैठा पा रहे हैं। कई मुददे ऐसे भी हैं जिन्हें लेकर भाजपा के लोगों को आपत्ति है कि प्रभारी मंत्री भाजपा की प्रतिष्ठा और प्रभाव की कीमत पर जिले में अपना दल का विस्तार करना चाहते हैं। बहरहाल अतःपुर में कितना अतर्कलह है यह अनुमान का विषय है। दूसरी ओर भाजपा में भी अंदरूनी खींचतान कम नही है। आज की बैठक के स्थगित होने के पीछे ये सभी कारक कहीं न कहीं उत्तरदायी हैं। दूसरी ओर अधिकारी सरकारी खेमें में इस अंदरूनी टकराहट से असमंजस और बेचैनी महसूस कर रहे हैं। जिला योजना की बैठक बेवजह स्थगित कर दिये जाने से सत्ता पक्ष की जनमानस के बीच छवि संदिग्ध और धूमिल हुई है।

Leave a comment