उरई। माधौगढ़ क्षेत्र में मोबाइल टावर के लिए खोदे गये बोरवेल में गिरने से एक किशोर की मौत हो गई।
माधौगढ़ कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रुद्रपुरा निवासी सतीश मिश्रा का छोटा पुत्र विष्णु (17वर्ष) दूध का व्यापार करता था। गत रात्रि वह माधौगढ़ से दूध लेकर मोटर साइकिल से सुल्तानपुरा स्थित चिलर प्लांट की ओर जा रहा था। उसी समय बंगरा की ओर से आ रहे ट्रक की रोशनी में आंखे चकाचौध होने के कारण वह जीओ मोबाइल के टावर के लिए खोदे गये गडढे में गिर गया। गंभीर रूप से घायल होने के कारण वह गडढे में गिरकर अचेत हो गया। अंधेरा होने के कारण रात में उसकी किसी को खबर नही लगी। भोर में जब किसी राहगीर ने देखा तब उसने पुलिस को सूचना दी। जिस पर उसे पहले माधौगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां से रेफर किये जाने पर जब उसे बाहर ले जाया जा रहा था तभी उसने दम तोड़ दिया। माधौगढ़ पुलिस ने शव का पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Leave a comment