उरई। मंगलवार को दोपहर से गायब युवक का देर रात शव बरामद हुआ। शव की हालत देखने से धारदार हथियारों से उसकी हत्या का अंदाजा किया जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। परिजनों ने अभी इसे लेकर किसी के खिलाफ कोई तहरीर नही दी है।
गोहन थाने के गड़िया ग्राम का निवासी मलखान सिंह (35वर्ष) पुत्र नाथूराम कुशवाहा मंगलवार को सुबह 11 बजे घर से बच्चों के लिए कपड़ों की खरीद की बात कहकर निकला था। उसके चाचा के लड़के की शादी होनी है। जब शाम तक वह घर वापस नही लौटा तो घरवाले बेचैन हो गये। उसकी तलाश की गई लेकिन उसका कोई पता नही चला।
इसी बीच रात लगभग 10 बजे गोहन थाने से डेढ़ सौ मीटर दूर विजदुवां रोड पर पशु अस्पताल के सामने किसी ने एक शव पड़ा होने की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो उसके गले और पेट में धारदार हथियार से घाव के निशान मिले। परिजनों को जब खबर मिली तो वे मौके पर पहुंचे। शव को पहचानने के बाद उनमें कोहराम मच गया। परिजनों ने भी हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों से तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी।

Leave a comment