उरई। कुठौंद को जल्द ही नगर पंचायत का दर्जा मिल सकता है। जालौन के उप जिलाधिकारी ने इसे लेकर अपनी संस्तुति जिलाधिकारी को भेज दी है।
जालौन-औरैया प्रांतीय राजमार्ग पर अवस्थित कुठौंद कस्बा अभी भी ग्राम सभा के रूप में दर्ज है। जबकि आबादी, क्षेत्रफल और अन्य व्यवस्थाओं के मददेनजर यह पहले से नगर पंचायत घोषित कुछ कस्बों से अधिक उन्नत है। पत्रकार पवन शर्मा व अन्य क्षेत्रीय लोगों ने इसका हवाला देते हुए कुछ दिनों पहले उप जिलाधिकारी जालौन को ज्ञापन देकर मांग की थी कि कुठौंद को नगर पंचायत का दर्जा दिया जाये।
उनके ज्ञापन पर उप जिलाधिकारी भैरपाल सिंह ने तहसीलदार से सर्वे कराया। उन्होंने पाया कि कुठौंद कस्बे की आबादी लगभग 22 हजार हो चुकी है। कुठौंद में थाना, ब्लाक व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भी है। इसके दृष्टिगत उप जिलाधिकारी ने जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजकर कुठौंद को नगर क्षेत्र घोषित करने की मांग की। इस जानकारी से कुठौंद के बाशिंदों में हर्ष की लहर व्याप्त हो गई है।

Leave a comment