उरई। जालौन विकास खंड के ग्राम छिरिया सलेमपुर में मानक विहीन कार्य को लेकर प्रधान व सचिव के खिलाफ ग्रामीणों ने उप जिलाधिकारी से शिकायत की है।
रामकुमार, लालता प्रसाद, मनोज कुमार, अनिल कुमार, रामबिहारी आदि ग्रामीणों ने उप जिलाधिकारी भैरपाल सिंह को जालौन में शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया कि छिरिया सलेमपुर में प्रधान व सचिव मिलकर गुणवत्ता विहीन कार्य करा रहे हैं। जिसमें बजट की बंदर बांट की जा रही है। शिकायती पत्र में पूर्व माध्यमिक विद्यालय के पीछे डाले गये खड़ंजे को चिन्हित किया गया है। ग्रामीणों के मुताबिक प्रधान के घर से मुख्य मार्ग तक दोनों ओर कागजों में पक्की नाली का निर्माण दिखाकर भुगतान निकाल लिया गया है जबकि नाली का निर्माण कराया ही नही गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि खुली बैठक के नाम पर खानापूर्ति की जाती है। धांधली की वजह से ग्राम विकास के बजट में भारी घपलेबाजी हो रही है। उप जिलाधिकारी ने शिकायती पत्र खंड विकास अधिकारी को प्रसारित कर आख्या देने के लिए निर्देश दिये हैं।

Leave a comment