उरई। कोंच विकास खंड के भदारी गांव में गुरुवार की रात ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत पहुंचे विधायक मूलचंद निरंजन ने जन चौपाल लगाकर लोगों की समस्यायें सुनी। इसके बाद उन्होंने भदारी में ही रात्रि विश्राम किया।
लोक सभा चुनाव के पहले लोगों में भाजपा की पैठ मजबूत करने के लिए मंत्री और पार्टी के विधायक दलित बाहुल्य ग्रामों में रात्रि विश्राम के कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं तांकि जनता पर संवेदनशीलता की छाप छोड़ सकें। इस क्रम में विधायक मूलचंद निरंजन ने बीती रात भदारी गांव में रात्रि विश्राम के दौरान चौपाल आयोजित की जिसमें ग्रामीणों ने उन्हें अनुसूचित जाति की आबादी में स्थित तलैया को पाटकर अवैध रूप से पक्के मकान बनाये जाने की जानकारी दी। इस जोर-जबर्दस्ती के कारण पानी की निकासी बंद हो जाने से लोक दिक्कतों से दो-चार हो रहे हैं। इस बारे में भी ग्रामीणों ने उन्हें अवगत कराया। विधायक ने इस पर संबंधित अधिकारियों को पानी निकासी के लिए निर्देशित किया तांकि गलियों और नालियों में जल भराव बंद हो सके।
बिना छत के खुले में रह रही एक महिला की फरियाद पर उन्होंने ग्राम पंचायत सचिव से शीघ्र ही उसे आवास आवंटित कराने की हिदायत दी। अन्य समस्याओं के निदान के लिए भी उन्होंने मौके पर ही निर्देश पारित किये।
शुक्रवार को सुबह उन्होंने स्वच्छता अभियान के अंतर्गत ग्रामीणों के साथ गांव की गलियों में झाड़ू लगाई। इस दौरान लोगों से उन्होंने नियमित रूप से सफाई और ध्यान देने और खुले में शौंच न कर शौचालय का उपयोग करने की अपील की। गांव के ही निवासी समाजसेवी सुनील लोहिया भी उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे। ग्रामीणों ने उनका माल्यापर्ण कर गर्मजोशी से स्वागत किया। भाजपा के जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह चमरसेना, जुझारपुरा सोसाइटी के अध्यक्ष गौरीशंकर, सुनील शर्मा, नगर अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, मंडल अध्यक्ष दशरथ पटेल, प्रधान विनय निरंजन, प्रधान चंदुर्रा संजय, लालजी महाते भी उपस्थित रहे। संचालन सेवा निवृत्त शिक्षक शारदा प्रसाद ने किया। कार्यक्रम के आयोजक प्रधान विनय व पंचायत सचिव मनोज चतुर्वेदी ने संयुक्त रूप से सभी अतिथियों का आभार प्रकट किया। इस अवसर पर केंद्र और प्रदेश सरकार की तमाम जनकल्याण योजनाओं की जानकारी टेली फिल्म के माध्यम से ग्रामीणों को दी गई।

Leave a comment