कालपी-उरई । उत्तर भारतीय मोमिनो की विख्यात दरगाह तथा हिंदू मुस्लिम एकता के रूप में विख्यात खानकाहे मोहम्मदिया कालपी में आगामी सप्ताह से प्रारंभ होने वाले तीन दिवसीय 369 वें सालाना उर्स को कुशलता पूर्वक निपटाने के लिए प्रबंध समिति के सदस्यों ने जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक से मुलाकात करके व्यवस्थाओं को लेकर मांग पत्र सौंपा।
प्रबंध समिति के अध्यक्ष मदे खान, शौकत खान, तौकीर रजा, सलीम अंसारी सल्लू बरकाती आदि ने डीएम डा. मन्नान अख्तर को मांग पत्र सौपते हुए अवगत कराया कि उर्स मोहम्मदी को लेकर 13 व 14 तथा 15 मई को तीन दिनों तक दरगाह परिसर मंे बिजली की कटौती को मुक्त किया जाए। इसी प्रकार बिजली-पानी तथा सफाई की समुचित व्यवस्था की जाए। बाद में सदस्यों के प्रति मंडल ने पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह से मुलाकात करके मांग उठाई कि दरगाह परिसर तथा जुलूस-ए-मोहम्मदी के रूट में सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किया जाए। दरगाह के परिसर में अस्थाई पुलिस चैकी बनाई जाए तथा यातायात व्यवस्था के लिए ट्राफिक सिपाहियों की तैनाती की जाए। पुलिस अधीक्षक ने भरोसा दिलाया कि उर्स मोहम्मदी में उचित व्यवस्था की जायेगी। प्रतिनिधि मंडल से मुलाकात के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. अल्पना बरतरिया ने बताया कि दरगाह परिसर में चिकित्सा का शिविर लगाया जाएगा तथा तीन दिनों तक एंबुलेन्स परिसर में मौजूद रहेगी। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता के मुताबिक दरगाह परिसर के आसपास के सभी हैंडपंपों को सही तरीके से संचालित किया जाता रहेगा तथा आधा दर्जन पानी भरे टैंकर मौजूद रहेंगे। नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष प्रतिनिधि जगजीवन अहिरवार ने बताया कि उर्स मुहम्मदी के अवसर पर नगर में सफाई व्यवस्था उचित रहेगी। गौरतलब हो कि उर्स मोहम्मदी के अवसर पर कालपी में करीब 20 हजार से अधिक जायरीन तथा भक्त हिस्सा लेते हैं।






Leave a comment