
कोंच-उरई । दरिद्र नारायण सेवा समिति के तत्वाधान में शनिवार को जाने माने समाजसेवी हमीरपुर के कुलपहाड़ सबरजिस्ट्रार दफ्तर में तैनात राजनारायण गोस्वामी राजेश की माताजी स्व. चंद्रावती उर्फ राजाबाई पत्नी स्व. श्रीनाथ गोस्वामी की 13वीं पुण्य तिथि मनाई गई। इस अवसर पर दिवंगत के परिजनों ने सैकड़ों गरीबों को अपने हाथों से परोस कर भोजन कराया।
कहते हैं कि जिसका कोई नहीं होता उसका परमात्मा होता है जो न जाने किस वेश में आकर पीडि़तों की तकलीफें दूर करता है। दरिद्र नारायण सेवा समिति कोंच में भूख के खिलाफ प्रभावी जंग लड़ रही है जिसके तहत संस्था गरीबों, असहायों, विकलांगों और समाज तथा घर परिवार से तिरस्कृत लोगों को गले लगाकर नित्य प्रति उनके लिए समाज के सहयोग से भोजन की व्यवस्था पिछले दस बर्षों से करती आ रही है। इस जंग में न केवल कोंच क्षेत्र बल्कि दूरदराज इलाकों से भी लोग आकर इन गरीबों के दुखों को कम करने का प्रयास कर पुण्य लाभ अर्जित करते हैं। स्व. चंद्रावती के बेटे राजनारायण गोस्वामी ने कहा कि अपनी माताजी की पुण्यतिथि पर भूखे गरीबों को भोजन कराते हुए उन्हें आत्मिक शांति की अनुभूति हुई है, निश्चित रूप से उनके पितर भी प्रसन्नता का अनुभव कर रहे होंगे। इस दौरान संस्था संयोजक कढोरेलाल यादव, प्रोफेसर वीरेन्द्र सिंह, श्रीकांत गुप्ता, गजराज सिंह सेंगर, रामकुमार अग्रवाल सुरेन्द्र, आनंद सेठ, स्वदेश, राजीव अग्रवाल आदि मौजूद रहे।




Leave a comment