कोंच-उरई । पिछले दिनों आई आंधी में तमाम पेड़ों के धराशाई हो जाने के बाद अभी भी कई जगहें ऐसी हैं जहां रोड पर पेड़ पड़े हैं और दुर्घटनाओं को न्यौता दे रहे हैं। बीती देर शाम कोतवाली इलाके के ग्राम वरोदा खुर्द के पास कोंच-उरई रोड पर पड़े पेड़ में उलझ कर एक बाइक सवार घायल हो गया है। मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम अंडा निवासी देवकीनंदन पुत्र जानकीप्रसाद बाइक से जा रहे थे। ग्राम वरोदा के पास सामने से आते वाहन की हेड लाइट से उनकी आंखें चुंधिया गईं और रोड पर पड़ा पेड़ वह नहीं देख सके। उनकी बाइक उस पेड़ में उलझ गई जिससे वह घायल हो गये। सूचना पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। घायल को सीएचसी में भर्ती कराया गया था जहां उपचार के बाद उन्हें घर जाने दिया गया। इधर, मंगलवार को एसडीएम सुरेश सोनी ने इस मामले में स्वत: संज्ञान लेकर वन विभाग को ताकीद कर दी है कि सड़क पर जहां जहां पेड़ पड़े हैं उन्हें हटवा कर सड़क साफ कराई जाये।

Leave a comment