उरई। कदौरा थाना क्षेत्र में मौरम भरकर आ रहे बालू ट्रक के नीचे दबकर मजदूर की मौत हो जाने के बाद बबाल भड़क गया। आसपास के लोगों ने हंगाम करते हुए रास्ता जाम कर दिया। भीड़ बसरेही घाट पर भी जा पहुंची। लोगों ने खनन बंद कराकर घाट की रोकड़ लूट ली। स्थिति बेहद तनावपूर्ण होने पर कई थानों की पुलिस बुला ली गई। भीड़ को खदेड़ने के लिए पुलिस का लाठी चार्ज करना पड़ा।
कदौरा थाना क्षेत्र में बसरेही मोड़ पर बुधवार को दोपहर बाद मौरम भरे ट्रक के पलट जाने से उसमें बैठा मजदूर हरनाम (32वर्ष) पुत्र मंगी निवासी बसरेही नीचे दब गया और उसकी मौत हो गई। इसके बाद लोग भड़क उठे। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। भीड़ ने घाट पर पहुंचकर खनन बंद करा दिया और रोकड़ लूट ली।
भीड़ के तेवर देखकर कदौरा पुलिस के हाथ-पैर फूल गये। अतिरिक्त फोर्स की मांग पर आसपास के थानों का फोर्स सहायता के लिए भेजा गया। तनाव बढ़ता देख भीड़ को काबू में करने के लिए पुलिस को लाठी चार्ज करना पड़ा। हालात अभी भी तनावपूर्ण बने हुए हैं।

Leave a comment