0 आधा सैकड़ा कर्मी, जेसीबी के साथ रहेंगे मौजूद
0 दो सफाई निरीक्षक करेंगे माॅनीटरिंग
उरई। बरसात के पूर्व नगर के 44 नालों की सफाई कराने की जिम्मेदारी इस बार नगर पालिका परिषद ने स्वयं ही अपने ऊपर ली है। बरसात के दौरान बरसाती पानी नगरवासियों के लिये परेशानी का सबब न बने इसलिये 31 मई तक सभी नालों की सफाई का कार्य पूरा किया जाना है। उक्त बात विशेष भेंटवार्ता के दौरान ईओ रविन्द्र कुमार ने बतायी।
गौरतलब हो कि इससे पूर्व नगर के नालों की सफाई का काम ठेकेदारों द्वारा कराया जाता रहा है। लेकिन इस बार नगर पालिका परिषद ने अपने कर्मियों व जेसीबी मशीन से नगर के 44 नालों की सफाई का अभियान एक मई से शुरू कर दिया था जो 31 मई तक चलेगा। नालों की सफाई कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो इसको देखते हुये अधिशाषी अधिकारी रविन्द्र कुमार ने दो सफाई नायकों रामआसरे व जितेंद्र डेंगरे को नालों की सफाई प्रतिदिन प्रातः व शाम के समय कराने के लिये निर्देशित किया है। ईओ के द्वारा जारी निर्देशों में प्रतिदिन सफाई किये जाने वाले नाले की सफाई के पूर्व तथा सफाई के बाद स्वयं की उपस्थिति सहित फोटो कार्यालय में उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिये हैं। ईओ ने नगर के नालों की सफाई के लिये दो भागों में विभाजित किया गया है पहले भाग में 23 नाले व दूसरे भाग में 21 नालों को शामिल किया गया है। ईओ का कहना था कि बरसात से पूर्व सभी नालों की समुचित सफाई करा ली जायेगी ताकि बरसाती सीजन में किसी भी क्षेत्र में जलभराव जैसी समस्या से लोगों को परेशान न होना पड़े।





Leave a comment