उरई। कालपी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुरहना आलमगीर में बीते शनिवार ससुरालीजनों द्वारा दो बच्चियों की मां को मिटटी का तेल डालकर जला देने की खौफनाक घटना में पीड़िता के पिता के प्रार्थनापत्र पर पुलिस ने पति, ससुर, जेठ व जेठानी के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। इस बीच पुलिस ने पति को इस मामले में हिरासत में भी ले लिया है।
मृतका 24 वर्षीया साधना के पिता कालपी के मोहल्ला भटटीपुरा निवासी शंकर प्रनामी ने पुलिस को दिये प्रार्थनापत्र में बताया कि उनकी पुत्री की शादी 8 मई 2014 को राजेंद्र प्रनामी पुत्र रामबाबू प्रनामी के साथ सभी रीति-रिवाजों को पूरा करते हुए हुई थी। उनकी पुत्री को ससुरालीजन शुरू से ही अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उत्पीड़ित करने लगे थे। बीते शनिवार को इसकी पराकाष्ठा हो गई जब उन्होंने साधना को मिटटी का तेल डालकर जला दिया। उसे उपचार के लिए पहले उरई लाया गया। बाद में उसे हम लोग कानपुर के उर्सरा अस्पताल ले गये जहां उसकी मौत हो गई।
शंकर प्रनामी के प्रार्थनापत्र के आधार पर साधना के पति राजेंद्र प्रनामी, ससुर रामबाबू, जेठ कीर्तन व जेठानी किरन के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा कायम कर लिया गया। प्रभारी निरीक्षक सुधाकर मिश्रा ने बताया कि पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। वहीं साधना की मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है।

Leave a comment