उरई। लगभग डेढ़ माह से प्रधान के जेल में बंद होने के कारण ग्राम पंचायत की व्यवस्था लड़खड़ा गई है। ग्रामीणों ने इससे हो रही परेशानी को देखते हुए जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर खुली बैठक में कार्यवाहक प्रधान की नियुक्ति कराने की मांग की।
कुठौंदा थाना अंतर्गत माधौगढ़ तहसील के ग्राम रामपुरा किरवाहा के प्रधान रतीराम दोहरे अपनी बहू पूनम देवी की दहेज हत्या के मामले में 26 मार्च से जिला कारागार में बंद हैं। जिलाधिकारी से भेंट करने आये उपदेश कुमार, लल्लूराम, मनोज कुमार चतुर्वेदी, प्रियंका देवी, दिनेश कुमार, रजनीकांत, पूनम देवी, तुलसीराम, हरिश्चंद्र आदि ग्रामीणों ने बताया कि प्रधान के बाहर न होने के कारण रामपुरा किरवाहा में सारे विकास कार्य ठप्प पड़ गये हैं। पेयजल, सफाई व स्वास्थ्य जैसी आवश्यक व्यवस्थायें भी अस्त-व्यस्त हैं। दूसरी ओर ग्राम पंचायत अधिकारी ने भी गांव में आना बंद कर दिया है। वे कागजों में कार्य दर्शाकर बैंक से ग्राम निधि का पैसा निकालकर हड़प कर रहे हैं। ऐसे में सभी ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने इस स्थिति के मददेनजर जिलाधिकारी से रामपुरा किरवाहा में गांव सभा की खुली बैठक काराकर सक्षम अधिकारी की उपस्थिति में किसी सदस्य या ग्राम पंचायत की कमेटी को प्रधान का वित्तीय व अन्य चार्ज दिलाने की मांग की तांकि कार्यों में अवरोध नही हो सके।





Leave a comment