उरई। कालपी के खानकाह मोहम्मदिया में आयोजित होने वाले तीन रोजा सालाना उर्स के सिलसिले में 14 मई को विशाल चादर जुलूस कालपी की सड़कों पर निकाला जायेगा। इसी के मददेनजर कालपी के कोतवाल सुधाकर मिश्रा ने दल-बल सहित जुलूस के रूट का घूम-घूम कर निरीक्षण किया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक कालपी में एतिहासिक उर्स मोहम्मदी के सुचारू आयोजन के लिए प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहा है। इसी क्रम में कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ने लाव-लश्कर के साथ सबसे पहले मोहल्ला रावगंज स्थित हजरत मखदूम साहब के आस्ताने में पहुंचकर आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने जुलूस के रूट का जायजा लिया। मेहमूदपुरा कोतवाली गेट, दुर्गा मंदिर चौराहा, हरीगंज चौराहा, जुलहटी, मन्ना फुल पावर बाईपास चौराहा, डाकघर, टरननगंज बाजार, सर्राफा, खोवा मंडी, नगर पालिका चौराहा, बिजली घर रोड, राजेपुरा आदि स्थानों का बारीकी से अवलोकन कर जायजा लिया कि कहीं कोई अवरोधकारी स्थिति बनने की संभावना तो नही है। इस दृष्टि से सुचारू व्यवस्था के लिए कार्य योजना तैयार की। कोतवाल के रूट निरीक्षण में दरगाह कमेटी के अध्यक्ष मदे खान, तौफीक खान, सल्लू बरकाती, सलीम अंसारी, शौकत खान, कल्लू चाचा आदि से कोतवाल ने व्यापक विचार-विमर्श किया।

Leave a comment