उरई। माधौगढ़ के चर्चित उप जिलाधिकारी सौजन्य कुमार विकास को भाजपा के नेताओं द्वारा एड़ी-चोटी का जोर लगाने के बाद शासन ने आखिर स्थानांतरित तो कर दिया है लेकिन भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों के बावजूद वे फील्ड की पोस्टिंग बचाये रखने में कामयाब रहे। जिससे उनके खिलाफ चली मुहिम की कामयाबी को अधूरा माना जा रहा है।
माधौगढ़ के उप जिलाधिकारी सौजन्य कुमार विकास के कारनामें तभी सामने आ गये थे जब जिलाधिकारी के पद पर नरेंद्र शंकर पाण्डेय यहां तैनात थे। उन्होंने न सिर्फ सौजन्य कुमार को आमने-सामने जोर की फटकार लगाई थी बल्कि उन्हें जालौन के उप जिलाधिकारी पद से तत्काल प्रभाव से हटाकर मुख्यालय में अटैच कर लिया था।
नरेंद्र शंकर पाण्डेय के तबादले के बाद सौजन्य कुमार विकास के दिन बहुरे तो उन्हें माधौगढ़ के उप जिलाधिकारी की जिम्मेदारी मिल गई और वे यहां अंगद के पांव की तरह जम गये। उनके बंगले पर बालू माफियाओं से होमगार्ड द्वारा नगदी लेने का वीडियो वायरल होने के बाद भी जब उच्चाधिकारियों का अनुग्रह उन पर कमजोर नही हुआ तो सौजन्य कुमार और शहजोर हो गये। इसके बाद भाजपा के सारे नेता बराबर उनकी शिकायत करते रहे पर उनको अभय वरदान जारी रहा।
मुख्यमंत्री जब दौरे पर आये तो उनके सामने भी भाजपा नेताओं ने सौजन्य कुमार विकास के भ्रष्टाचार की पोल खोली। पूर्व मंत्री हरीओम उपाध्याय ने उन पर महाविद्यालय संचालकों से नकल की छूट देने के लिए एक-एक लाख रुपये की उगाही कराने का आरोप लगाया। माधौगढ़ के विधायक प्रतिनिधि शत्रुघन सिंह पतराही ने भी गंभीर आरोप जड़े। लेकिन फिर भी उनको टस से मस नही किया गया। प्रभारी मंत्री जय कुमार जैकी के सामने भी यह मुददा आया तब उन्होंने जिला योजना की बैठक स्थगित कर विधायकों के सामने जिलाधिकारी से गोपनीय बातचीत की। इसमें काफी देर तक सौजन्य कुमार विकास के मामले में भी हाट टाक हुई। जिसके बाद जिलाधिकारी ने सौजन्य कुमार विकास के खिलाफ शासन को कथित रूप से अर्द्धशासकीय पत्र भेज दिया।
डीएम के डयू लेटर के बाद सौजन्य कुमार का तबादला तो हो गया है लेकिन सचिवालय ने भ्रष्टाचार की जड़े कितनी गहरी है यह आभास तब मिला जब इतने विवादित होने के बाद भी सौजन्य कुमार को महत्वहीन पद पर फेंके जाने की बजाय उन्हें अधिक मलाईदार चित्रकूट जनपद के लिए स्थानांतरित कर दिया गया। इस बीच जिले में दो नये उप जिलाधिकारी लल्लन राम और मनोज कुमार सागर तैनात किये गये हैं। उनकी आमद के बाद जनपद स्तर पर उप जिलाधिकारियों के दायित्व में व्यापक परिवर्तन की सूची जारी होने का अनुमान किया जा रहा है।

Leave a comment