उरई। भाजपा नेता के भाई को सरेबाजार थप्पड़ मारने वाले कदौरा के उप निरीक्षक को पुलिस अधीक्षक ने लाइन से संबद्ध करते हुए कालपी के उपाधीक्षक को उसके खिलाफ जांच सौंप दी है।
कदौरा में भाजपा के मंडल उपाध्यक्ष रवि शिवहरे का छोटा भाई राज शिवहरे बुधवार की शाम बस स्टैण्ड के पास सामान खरीदने आया था। उसने अपनी मोटर साइकिल रास्ते में खड़ी कर दी। इस बीच बसरेही में बबाल की सूचना मिलने पर जब दरोगा योगेंद्र कुमार शर्मा ने मौके पर पहुंचने के लिए वहां खड़ी सरकारी जीप आगे बढ़वानी चाही तो राज की मोटर साइकिल उसके आगे आ गई। इसके कारण क्रुद्ध उपनिरीक्षक ने जीप से उतरकर राज शिवहरे को थप्पड़ जड़ दिया। बाद में घटना के विरोध में भाजपाइयों ने थाने का घेराव करते हुए काफी देर तक हंगामा किया। खबर मिलने पर विधायक नरेंद्र पाल सिंह जादौन ने पुलिस अधीक्षक से बात की। योगेंद्र शर्मा अपने साथ राज को भी थाने ले आये थे। एसपी के हस्तक्षेप के बाद उन्हें थाने से छोड़ा गया।
विधायक की नाराजगी देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने उप निरीक्षक योगेंद्र शर्मा को लाइन हाजिर कर दिया है। उनके खिलाफ कालपी के सीओ सुबोध गौतम को जांच भी सौंप दी है।

Leave a comment