उरई। टाउन हाल में सभी स्वतंत्रा संग्राम सेनानियों के चित्र लगाये जायेगें और उनके नीचे उनके ऐतिहासिक योगदान का संक्षिप्त वृतांत लिखवाया जायेगा।
टाउन हाल और धर्मशाला ट्रस्ट कमेटी की बैठक गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिलाधिकारी डा. मन्नान अख्तर की अध्यक्षता में हुई। इसमें औपनिवेशिक शासनकाल में नगर को गरिमा प्रदान करने के लिए निर्मित कराये गये टाउन हाल को नये सिरे से प्रासंगिक बनाने के सुझावों पर मंथन हुआ।
महेश पाण्डेय के सुझावों के दृष्टिगत डीएम ने इसमें प्रस्ताव पारित कराया कि टाउन हाल के अंदर जिले के सभी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के चित्र लगवाये जायेगें। जिनमें उनका योगदान दर्ज होगा। टाउन हाल नियमित रूप से आगंतुकों के लिए खोला जायेगा। जिनसे दो या पांच रुपये सांकेतिक टिकट शुल्क वसूला जायेगा।
इसी ट्रस्ट द्वारा राठ रोड पर धर्मशाला का संचालन किया जाता है। आज की बैठक में सहमति हुई कि धर्मशाला के स्थान पर भव्य विवाह घर बनाया जायेगा। जो निर्धन वर्ग के लोग को अपनी बेटियों के निःशुल्क विवाह के लिए उपलब्ध कराया जायेगा। धर्मशाला ट्रस्ट के किरायेदारों की सहमति भी इसमें ली जायेगी। जिनकी बैठक डीएम इसी महीने के अंत तक बुलायेगें।
बैठक में प्रभारी सिटी मजिस्ट्रेट, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रामकुमार दीवोलिया, ओमकांर दास माहेश्वरी एडवोकेट और सुधीर डांगरा भी महेश पाण्डेय के साथ उपस्थित रहे।

Leave a comment