उरई। जनपद में संचालित निर्माण कार्यों को समस्त कार्यदायी संस्थायें समय से पूर्ण करायें।
उक्त बात जिलाधिकारी डा0 मन्नान अख्तर ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कार्यदायी संस्थाओं की समिति की बैठक में कही। उन्होंने कहा कि जनपद में स्वीकृत समस्त निर्माण कार्यों को समय-सीमा के अन्दर पूर्ण कराया जाये। इसमे किसी प्रकार का विलम्ब क्षम्य नहीं होगा। जिन योजनाओं के निर्माण हेतु पूर्ण धनराशि अवमुक्त हो चुकी है उनका निर्माण शीघ्रता से पूर्ण कराया जाये। जिससे इनका लाभ जनता को मिले और आवागमन में सुविधा हो। साथ ही पुनरीक्षित धनराशि की आवश्यकता न पड़े। 50 लाख से अधिक लागत वाली लोक निर्माण विभाग प्रान्तीय खण्ड द्वारा निर्मित होने वाली 11 सड़कों, निर्माण खण्ड-1 द्वारा निर्मित होने वाली 04 तथा निर्माण खण्ड-3 द्वारा निर्मित होने वाली 12 सड़को की समीक्षा करते हुए निर्देश दिये कि इन्हे जून 18 तक पूर्ण करने का हर सम्भव प्रयास करें। इसके साथ ही माडल स्कूल तथा हाई स्कूल भवन निर्माण से जुड़ी कार्यदायी संस्थायें इनमे तेजी से कार्य कराते हुए शीघ्र पूर्ण करायें। जल निगम के 04 कार्यों की समीक्षा में निर्देश दिये कि इन्हें शीघ्र पूर्ण करायें।
इस अवसर पर जिला संख्या अधिकारी वी0के0 कुशवाहा, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 आशाराम, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, जल निगम के अधिशाषी अभियन्ता तथा अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहें।

Leave a comment