उरई। काशीराम कालोनी में गुरुवार को शंकर जी के चबूतरे पर स्थापित मूर्तियां नष्ट-भ्रष्ट मिलने से तनाव व्याप्त हो गया। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर हंगामा काटा। इस बीच सीओ सिटी संतोष कुमार ने नया शिवलिंग स्थापित कराकर फिलहाल तनाव शांत करने में कामयाबी हासिल कर ली।
काशीराम कालोनी में मैदान में बने चबूतरे पर श्रद्धालुओं ने शिवलिंग, शंकरजी और नंदी की प्रतिमाएं स्थापित कर दी थी जहां रोजाना लोग पूजा-अर्चन के लिए आते थे। आज सुबह जो लोग दर्शन के लिए आये उन्हें शिवलिंग गायब मिला। जबकि शंकर जी और नंदी जी की प्रतिमाएं किसी ने तोड़फोड़ दी थीं। यह चर्चा फैलते ही लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया। सीओ सिटी संतोष कुमार इसके बाद भारी फोर्स लेकर मौके पर पहुंच गये। उन्होंने आनन-फानन नया शिवलिंग स्थापित करा दिया। लेकिन बाद में पहुंचे बजरंग दल के कार्यकर्ता आपत्ति करने लगे। उनका कहना था कि मौजूदा लग्न में किसी मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा नही हो सकती। सीओ सिटी ने किसी तरह उन्हें शांत किया। बाद में बजरंग दल के कार्यकर्ता कहने लगे कि तीनों नई मूर्तियां लगवाई जायें। सीओ सिटी ने उनकी बात मानी जाने का आश्वासन दिया। जिसके बाद बबाल ठंडा पड़ गया।







Leave a comment