
कोंच-उरई । भारतीय किसान यूनियन ने सरकार से मांग की है कि चना मसूर और लाही की समर्थन मूल्य पर खरीद के लिये शीघ्र ही क्रय केन्द्र चालू किये जायें। इसके अलावा यूनियन ने अधिकांश क्रय केन्द्रों पर खरीद बंद होने पर भी कड़ा ऐतराज जताते हुये इन्हें तत्काल शुरू कराने की मांग की है। बिजली की किल्लत को लेकर भी यूनियन के तेवर काफी तल्ख दिखे, उसने चेतावनी दी है कि सरकारी खरीद तथा बिजली समस्या यदि एक सप्ताह में नहीं सुलटी तो यूनियन आंदोलन करेगी।
भाकियू की मासिक पंचायत गुरुवार को गल्ला मंडी में संपन्न हुई जिसमें अवशेष सीमांत एवं लघु कृषकों की ऋणमाफी के तहत कर्ज माफ करने, नहरें फुल गेज से चलाने और खाली पड़े तालाब पोखर तुरंत भरवाने, तहसील क्षेत्र की माइनरों की खुदाई सफाई कराने, टूटे पुलों और झालों की मरम्मत कराने, आंधी तूफान में क्षतिग्रस्त बिजली लाइनें तथा टूटे पोल शीघ्र सही कराये जाने, राजकीय नलकूपों में पाइप बढाये जाने जैसी मांगें सामने आईं जिन्हें लेकर एसडीएम सुरेश सोनी को भी ज्ञापन दिया गया। इस दौरान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष राजवीरसिंह जादौन, जिलाध्यक्ष ब्रजेश राजपूत, डॉ. द्विजेन्द्र, रामकुमार, डॉ. पीडी निरंजन, रामप्रताप घमूरी, जयराम, चतुरसिंह, भगवानदास, बाबूराम, चंद्रपाल, प्रमोदकुमार आदि मौजूद रहे। दिवंगत किसान यूनियन नेता रामलखन इटा के बेटे को तहसील महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।






Leave a comment