कोंच-उरई । दो अलग अलग आगजनी की घटनाओं में हजारों का नुकसान हो गया है। मौजा कोंच स्थित विकास शुक्ला के खेत में स्थापित निजी ट्यूबवैल के पास रखे सिंचाई के पाइपों तथा भूसे में आग लग जाने के कारण लगभग पचास हजार के नुकसान का अनुमान है। मिली जानकारी के मुताबिक विकास शुक्ला का निजी ट्यूबवैल मौजा कोंच बदनपुरा में स्थित है। विकास के स्प्रिंकलर सेट के लगभग पचास पाइप ट्यूबवैल के पास रखे थे तथा भूसा भी वहीं रखा था। बताते हैं कि किसी खेत के अवशेषों में लगाई गई आग की चिंगारी उड़ कर भूसे में गिरी जिससे भूसा और पाइप जल गये। दूसरी घटना महंतनगर स्थित महेन्द्र पुत्र बालादीन कुशवाहा के खेत में गुरुवार को भूसा बनाने बाली मशीन काम कर रही थी। अचानक ट्रैक्टर के साइलेंसर से उड़ी चिंगारी भूसे की ट्रॉली में गिरी जिससे एक ट्रॉली भूसा तथा ट्रॉली के टायर जल कर खाक हो गये। लगभग बीस हजार के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। फायर सर्विस की गाड़ी ने दोनों जगह पहुंच कर आग पर काबू पाया।






Leave a comment