उरई। कोचिंग पढ़ने जा रही नाबालिग छात्रा को उसका पड़ोसी युवक दो अज्ञात साथियों के साथ बुलेरो में अगवा कर ले गया। उसने छात्रा को नशीला पदार्थ सुंघा दिया और कई घंटे गायब रखने के बाद एक जगह बेहोशी की हालत में छोड़कर भाग गया। पीड़ित छात्रा के पिता की सूचना पर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके साथियों की तलाश के लिए पुलिस की टीम गठित की गई है।
शुक्रवार को सनसनीखेज घटना क्रम में जालौन नगर की कक्षा 8 की 14 वर्षीया छात्रा अपने घर से कोचिंग पढ़ने के लिए सुबह 7 बजे निकली तभी मोहल्ला कटरा में मंदिर के पास पड़ोस का ही एक युवक बुलेरो लेकर उसके पास आया। उसमें दो और अज्ञात लोग बैठे थे। उसने जबरन छात्रा को पकड़कर बुलेरो में डाल लिया। इसके बाद तीनों ने नशीला पदार्थ सुंघाकर उसे बेहोश कर दिया और फरार हो गये।
इसी बीच लोगों ने छात्रा के परिजनों को घटना की जानकारी दी तो वे उसकी तलाश में जुट गये। कई घंटे बाद अपहर्ता जालौन में ही कालिंद्री टाकीज के पास बेहोशी की हालत में छात्रा को छोड़कर भाग निकले। जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और छात्रा को उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गये। उन्होंने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस मे की तो हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने फिलहाल छेड़खानी का मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी जावेद पुत्र शान मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया। उसके दो और साथियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि उनको भी जल्द से जल्द दबोच लिया जायेगा।






Leave a comment