उरई। इलाहाबाद में गुरुवार को जनपद न्यायालय जाते समय हुई अधिवक्ता की हत्या के कारण प्रदेश भर में वकीलों में भड़की गुस्से की आग की चिंगायिां जिले में भी आ पंहुची। अधिवक्ता भवन में इलाहाबाद के दिवंगत अधिवक्ता राजेश श्रीवास्वत को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए बार संघ के नव निर्वाचित अध्यक्ष करन सिंह राजपूत की अध्यक्षता में शोक सभा हुई। जिसका संचालन सचिव अनुज शर्मा ने किया। अधिवक्ता इस दौरान उक्त घटना को लेकर बेहद उद्वेलित नजर आये। उन्होंने कहा कि दिवंगत अधिक्ता के आश्रितों को 20 लाख रुपये नही एक करोड़ रुपये मुआवजा दिया जाये।
बुजुर्ग अधिवक्ता सैय्यद युसुफ इस्तियाक ने कहा कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं जिसके कारण अधिवक्ता तक सुरक्षित नही रह पा रहे। गिरिजा शंकर द्विवेदी ने कहा कि अधिवक्ता की हत्या दुस्साहस की पराकाष्ठा है। भगवत शरण मिश्रा, लाजपत राय सक्सेना, रघुनाथ विश्वनोई, देवेंद्र वेद, धीरेंद्र गुप्ता, रतनदीप तिवारी, भगवान दास अग्रवाल, प्रद्युम्न श्रीवास्तव, वीरेंद्र चतुर्वेदी, राजेश तिवारी, देवेंद्र तोमर, कमर अहमद, उदय श्रीवास्तव, दया राम अहिरवार, शशिकांत द्विवेदी, समरेंद्र सिंह सेंगर आदि अधिवक्ताओं ने भी संबोधित किया।
बाद में अधिवक्ताओं के प्रतिनिधि मंडल ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को भेंट किया।






Leave a comment