भिण्ड। देश के प्रख्यात समाजवादी चिंतक और लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय संरक्षक रघु ठाकुर ने जालौन जनपद के पड़ोस की भिण्ड जिले में भाजपा की मध्य प्रदेश सरकार को भी खनन माफियाओं के चंगुल में होने की बात कहकर बेनकाब किया।
शुक्रवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा करते हुए रघु ठाकुर ने कहा कि पिछले दिनों भिण्ड में पत्रकार संदीप शर्मा की खनन माफियाओं ने ट्रक के नीचे कुचलवा कर हत्या कर दी थी। संदीप शर्मा कई बार माफियाओं के खिलाफ खबर चला चुके थे। जिसके चलते उन्हें धमकियां मिल रहीं थीं लेकिन खनन माफियाओं को अधिकारियों के खुले संरक्षण के चलते उन्हें सुरक्षा उपलब्ध नही हो सकी जिसकी वजह से उनकी हत्या हो गई। राज्य सरकार ने संदीप शर्मा की हत्या की जांच सीबीआई को सौंपने के लिए सिफारिश भेजने की घोषणा की थी परंतु सीबीआई की जांच का क्या हुआ यह अभी तक नही पता। लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी मांग करती है कि संदीप शर्मा की हत्या की जांच उच्च न्यायालय के किसी वरिष्ठ न्यायाधीश से कराई जाये।
आगामी विधान सभा चुनाव को लेकर रघु ठाकुर ने कहा कि लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी वैचारिक विकल्प के लिए कार्यक्रम आधारित तालमेल की पक्षधर है। प्रदेश अध्यक्ष श्यामसुंदर यादव की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया गया है जो प्रत्याशियों के नाम की सिफारिश केंद्रीय संस्दीय बोर्ड को भेजेगी।
उन्होंने मीडिया के माध्यम से समाजवादी नेता डा. राममनोहर लोहिया को मरणोपरान्त भारत रत्न देने और गोवा एअरपोर्ट का नाम डा. लोहिया के नाम पर करने की मांग की है। उन्होंने फ्लिप कार्ड को वालमार्ट द्वारा खरीदने को देश के 13 लाख करोड़ रुपये के फुटकर व्यापार के लिए नुकसानदेह कदम बताया। उन्होंने मीडिया के हवाले से कहा कि 34 परसेंट कंपनियों ने 34 हजार करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी की है। जिनके नाम मय चित्रों के सार्वजनिक रूप से प्रकाशित किये जायें तांकि विजय माल्या और नीरव मोदी जैसे यह लोग देश छोड़कर भाग न सकें। पत्रकार वार्ता में रघु ठाकुर के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष शंभुदयाल बघेल, प्रदेश महासचिव निसार कुरैशी और प्रवक्ता असगर खान आदि पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a comment