उरई। आईपीएल में सटटेबाजी का भंडाफोड़ करते हुए कोतवाली पुलिस ने स्वाट टीम और सर्विलांस टीम की मदद से चार लोगों को दबोच लिया है। जिनके पास से 11 हजार से अधिक की रकम, कई मोबाइल सेट व कैलकुलेटर बरामद किये गये हैं।
इन दिनों आईपीएल के क्रिकेट मैच चल रहे हैं जिन पर सटटेबाजी का बाजार गर्म है। किशोरों तक को इसका चस्का लगा दिया गया है। जिससे घरों की बर्बादी हो रही है। आईपीएल के सटटेबाजी का नेटवर्क काफी सघन है और दूर तक जुड़ा है।
इसी के मददेनजर पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने कोतवाली पुलिस और स्वाट व सर्विलांस टीमों को सटटेबाजों की सुरागरशी के लिए लगाया था। शनिवार को इसका नतीजा सामने आया जब पुलिस ने चार लोग सटटे का हिसाब-किताब करते अलग-अलग क्षेत्रों से रंगे हाथों दबोच लिए।
पकड़े गये लोगों में ओम प्रकाश यादव, प्रदीप यादव, वीर सिंह और गौरव यादव निवासीगण तिलक नगर शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक इनके कब्जे से 11200 रुपये की रकम जो कि सटटे की बुकिंग के लिए जमा कराई गई थी। 16 मोबाइल सेट व तीन कैलकुलेटर बरामद किये गये हैं।
गिरफ्तार करने वाली टीम में स्वाट टीम प्रभारी इंस्पेक्टर बृजनेश यादव, बल्लभ नगर चौकी प्रभारी मुकेश कुमार सिंह, सर्विलांस टीम प्रभारी मतीन खान के साथ आरक्षी बृजेंद्र भदौरिया, मनोज कुमार, रवि भदौरिया, नीतू कुमार, करनवीर सिंह और पवन कुमार शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक ने इन सभी को शाबाशी दी है।

Leave a comment