अयोध्या-फैजाबाद। नेपाल के जनकपुर से भारत और नेपाल की दोस्ती की प्रतीक जनकपुर-सीतामढ़ी-अयोध्या सीधी बस सेवा का शुभारंभ शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। जिसका आज अयोध्या के रामकथा पार्क में पहुंचने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने भव्य स्वागत किया। बस में सीताजी की ससुराल पहुंचने वाले प्रतिनिधियों के बतौर यात्रियों का उत्तर प्रदेश सरकार और लोगों की ओर से मुख्यमंत्री द्वारा जोरदार अभिनंदन किया गया। इस मौके पर अयोध्या और जनकपुर की थीम पर सजाई गई झांकी ने सभी का मन मोह लिया। मुख्यमंत्री ने भारतीय डाक विभाग की ओर से प्रकाशित स्पेशल कवर का अनावरण भी इस दौरान किया।
स्पेशल कवर पिछले साल दीपावली के मौके पर अयोध्या में सरजू तट पर आयोजित दीपोत्सव कार्यक्रम पर आधारित है। डाक विभाग द्वारा इस प्रकाशन का उददेश्य पावन नगरी अयोध्या की वैश्विक पहचान स्थापित कर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय पर्यटकों को आकर्षित करना है। इसके साथ ही यह दीपोत्सव के आयोजन की स्मृतियों को दीघ्रकाल तक संरक्षित करने में भी सहायक होगा। इस बस सेवा के जरिये श्रद्धालु भगवान श्रीराम की जन्म स्थली अयोध्या धाम और माता जानकी की जन्म स्थली जनकपुर धाम के बीच की 520 किलोमीटर की दूरी को सरल और सुविधापूर्ण ढंग से तय कर सकेगें।

Leave a comment