नई दिल्ली। बहुत से लोग जिनके पास दौलत की कमी नही है। शादी या अन्य निजी कार्यक्रम को अनोखे ढंग से आयोजित करने की तरकीबें सोचते रहते हैं तांकि उनका यह प्रसंग न केवल उनके लिए बल्कि लोगों के लिए भी यादगार बन जाये। इसीलिए लाखों रुपये फूंककर दुल्हन को हैलीकाप्टर से विदा करके लाने जैसे रिवाज हाल में परवान चढ़े हैं। रेलवे ने गांठ के पूरे लोगों के इस अरमान को भुनाने के लिए अपने प्लेटफार्म आफर कर दिये हैं।
इसके तहत अब लोग रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर शादी कर सकते हैं, रिसेप्शन दे सकते हैं या बर्थडे पार्टी भी मना सकते हैं। अनूठे अंदाज में निजी आयोजन मनाने के शगल को कैश कराने के लिए रेलवे ने कुछ घंटों के लिए प्लेटफार्म किराये पर देने की योजना चलाई हैं ऐसे आयोजनों में रेलवे अपने ही रेट पर खाने-पीने की व्यवस्था भी उपलब्ध करायेगा।
वैसे तो रेलवे बोर्ड ने पिछले साल अगस्त में ही प्लेटफार्मों को पार्टी के लिए किराये पर देने का आदेश जारी कर दिया था। लेकिन योजना का प्रचार नही हो सकने और नियम कड़े होने के कारण कोई प्लेटफार्म किराये पर लेने के लिए नही पहुंचा।
अब रेलवे बोर्ड ने इस बारे में संशोधित आदेश जारी किया है। इसके तहत एक घंटे के लिए भी प्लेटफार्म को किराये पर लिया जा सकता है। वैसे सभी प्लेटफार्म किराये पर लिए जा सकते हैं लेकिन मुख्य रूप से योजना में उन्हीं स्टेशनों को शामिल किया गया है जहां पर लगातार तीन घंटे तक कोई ट्रेन नही आती।
दावत देने वालों को खाने-पीने की व्यवस्था रेलवे की दर पर उपलब्ध कराई जायेगी। हालांकि बाहर से भी खाना मंगाया जा सकता है। अधिकतम चार घंटे तक के लिए प्लेटफार्म पार्टी करने को किराये पर दिया जा सकेगा। वाणिज्य कार्य के लिए प्लेटफार्म का किराया पहले से तय है। पार्टी के लिए रेलवे क्षेत्रफल के आधार पर किराया लेगा। बता दें कि दावत या शादी के लिए टेंट, तंबू आदि लगाने की अनुमति नही होगी। सिर्फ प्लेटफार्म के शैड में कार्यक्रम करना होगा।

Leave a comment