जालौन-उरई। प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरूआत बस स्टैण्ड स्थित पानी की टंकी से की। जहां छिटपुट विवाद भी हुआ तो पुलिस ने अराजकता फैलाने वालों को पकड़कर सख्त तेवर दिखा डाले।
उप जिलाधिकारी भैरपाल सिंह ने नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी डीडी सिंह, सफाई निरीक्षक सुरेश यादव, कोतवाल संजय कुमार गुप्ता के साथ पुलिस फोर्स और नगर पालिका की टीम को लेकर शनिवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान के शरूआत बस स्टैण्ड स्थित पानी की टंकी से की। इसके बाद सब्जी मंडी होते हुए छोटी माता से पुराने वाले रास्ते पर और झंडा चैराहा पर अतिक्रमण हटाया गया। दुकानदार अपनी दुकानों के सामने तख्त और बैंच लगाकर अतिक्रमण किये हुए थे। जब उनका अतिक्रमण हटाया जाने लगा तो दुकानदारों से दस्ते की तूं-तूं, मैं-मैं हो गई। बबाल की सुगबुगाहट भांपते ही कोतवाल संजय कुमार गुप्ता ने विरोध जता रहे कुछ लोगों को पकड़कर थाने पहुंचा दिया। जिसके बाद अराजक तत्वों का जोश ठंडा हो गया और सहूलियत से अतिक्रमण हटाया जाने लगा।
उप जिलाधिकारी भैरपाल सिंह ने बताया कि अतिक्रमण फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी। जहां-जहां अतिक्रमण हटाया गया है वहां चिन्हांकन के लिए सफेद पटटी डलवाई जायेगी। आवश्यकता पड़ने पर दोबारा भी अतिक्रमण हटाओं अभियान चलाया जायेगा। जो भी दुकानदार अतिक्रमण करेगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।

Leave a comment