* मुफ्त शराब नहीं देने पर अराजक तत्व ने किया फायर, गिरफ्तार

कोंच-उरई । शनिवार को दोपहर लगभग एक बजे उस समय अफरातफरी फैल गई जब लचली चौराहे के समीप मोहल्ला लाजपत नगर में स्थित ठेका देसी शराब के सेल्समैन के ऊपर एक अराजक तत्व ने तमंचे से फायर झोंक दिया। हमले में सेल्समैन बाल बाल बचा। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने मौके से हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है। बताया गया है कि उक्त हमलावर ने सेल्समैन से मुफ्त शराब मांगी थी जो उसने देने से इंकार कर दिया। इसके बाद देख लेने की धमकी देता हुआ हमलावर वहां से चला गया और दस मिनट बाद ही बापिस आकर सेल्समैन के ऊपर फायर कर दिया।

मिली जानकारी के मुताबिक लवली चौराहे के समीप स्थित ठेका देसी शराब नं. 1 पर मनोजकुमार उपाध्याय पुत्र हरदत्त उपाध्याय जो मूल रूप से ग्राम अकनीबा थाना नदीगांव का निवासी है, सेल्समैन का काम करता है। शनिवार दोपहर लगभग एक बजे वह काउंटर पर बैठा बिक्री कर रहा था तभी वहां रवि गुप्ता पुत्र लालजी गुप्ता निवासी जयप्रकाश नगर कोंच आया। सेल्समैन के मुताबिक उसने मुफ्त शराब मांगी लेकिन उसने बिना पैसे के शराब देने से मना कर दिया। इस पर रवि उसके साथ गाली गलौज पर उतर आया। सेल्समैन ने उसे गाली देने से मना किया और उसकी ओर बढा तो रवि देख लेने की धमकी देता हुआ वहां से चला गया। बताते हैं कि दस मिनट बाद ही वह दोबारा बापिस आया और मनोज के ऊपर तमंचे से फायर झोंक दिया। मनोज दीवार की आड़ में हो गया जिससे वह बाल बाल बच गया। जब तक रवि तमंचे में दूसरा कारतूस लोड करता तब तक ठेके के अन्य कर्मचारियों ने उसे दबोच लिया और पुलिस को फोन कर बुला लिया। सूचना पर एसएसआई दिलीप वर्मा, एसआई सुरेन्द्रकुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गये और हमलावर को गिरफ्तार कर लिया। 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी रवि के पास से बरामद हुये हैं। सेल्समैन की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

 

Leave a comment