नेताओं की तरह मतदाताओं का भी होना चाहिए सम्मान-शर्मा

उरई। मतदाताओं का सम्मानित करने का कार्य प्रेरणादाई है। एडीआर की इस पहल का स्वागत होना चाहिए। मतदाता की जैसी सोच होती है। उसे वैसी ही सरकार मिलती है। यह बात डीएम/ जिला निर्वाचन अधिकारी डा. मन्नान अख्तर ने यूपी इलेक्शन वाच, निर्वाचन आयोग तथा इंफोपार्क के संयुक्त तत्वावधान में सिटी सेंटर के सभागार में आयोजित मतदाता सम्मान समारोह के दौरान मुख्य अतिथि के नाते कही। उन्होंने नगर पालिका क्षेत्र के वार्डों के महिला पुरुष मतदाताओं को प्रमाणपत्र तथा स्मृति चिह्न देकर सम्मानित भी किया।

डीएम ने कहा कि वोट डालते समय जाति धर्म को ध्यान में रखकर वोट डालेंगे तो वैसी ही सरकार मिलेगी। समाज की सोच बदलेगी तो सरकार भी रवैया बदलेगा। स्वच्छ चुनाव के लिए सभी को आगे बढऩा है। इस तरह मतदाताओं को प्रोत्साहित करना समाज के प्रेरणादाई संदेश देगा। इस मुहिम को आगे बढ़ाना है।

भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष राजवीर सिंह जादौन ने कहा कि लोकतंत्र में मतदाता के विचार का सम्मान होना चाहिए। मतदाता के चयन में प्रत्याशी तो दूर दल भी खरे नहीं उतर रहे है। मतदाताओं को सम्मानित करने का कार्य सराहनीय है। पूर्व विधायक विनोद चतुर्वेदी ने कहा कि राजनैतिक लोग व जनता तब तक प्रत्याशी चयन में ईमानदारी नहीं बरतेगी तब तक बदलाव नहीं होगा। नगर पालिकाध्यक्ष अनिल बहुगुणा ने कहा कि उनकी जीत में हर वर्ग का योगदान रहा है। उनकी कोशिश है कि मतदाताओं ने उन पर जो भरोसा जताया है उस पर वे खरा उतरें। पूर्व बारसंघ अध्यक्ष यज्ञदत्त त्रिपाठी ने कहा कि चुनाव जब ईमानदारी से होंगे तो निश्चित रुप से लोकतंत्र में बदलाव आएगा।

यूपी इलेक्शन वाच के प्रदेश समन्वयक अनिल शर्मा  ने कहा कि जनप्रतिनिधि चुनने के बाद तो लोग जनप्रतिनिधियों का नागरिक अभिनंदन करने लगते है, लेकिन मतदाताओं को भूल जाते है। आज यहां मतदाताओं को सम्मानित करने का अनूठा काम किया जा रहा है। इस पहल का स्वागत किया जाना चाहिए उन्होंने कहा कि आगामी 16 मई को बांदा जनपद की अतर्रा नगर पालिका क्षेत्र में सम्मान समारोह आयोजित होगा।

 

Leave a comment