उरई। पेट्रोल व डीजल के दामों में बढ़ोत्तरी को लेकर सोमवार को शहर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय में सौंपा।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष विनोद चतुर्वेदी ने कहा कि मौजूदा सरकार खजाना भरने के नाम पर लोगों की जेब में डाका डालने में लगी है। जबकि सरकारी पैसा बड़े उद्योगपतियों का कर्जा एनपीए करके उन्हें लुटाया जा रहा है। इसीलिए बहुमुखी कर चोट के बावजूद सरकार के पास विकास और व्यवस्था को सही ढंग से चलाने के लिए संसाधन मुहैया नही हैं। रेलों का घंटों विलंबित चलना एक उदाहरण है। जिला कांगे्रस कमेटी के अध्यक्ष चौ. श्याम सुंदर ने कहा कि सराकर में अधिकारियों के तबादले और पोस्टिंग पैसे लेकर किये जा रहे हैं। इस सरकार का एकसूत्रीय कार्यक्रम उगाही करना है। कभी कोई इतनी भ्रष्ट सरकार केंद्र और प्रदेश में आज तक पदारूढ़ नही हुई।
ज्ञापन में किसानों की ऋण माफी के नाम पर प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा किसानों के साथ मजाक का आरोप लगाया गया। शहर अध्यक्ष डा. रेहान सिददीकी ने कहा कि जिले में प्रशासन चरमरा गया है। शिक्षा विभाग के अधिकारी शिक्षकों से मनचाही नियुक्ति के लिए धन वसूल रहे हैं। जिसकी वजह से ग्रामीण अंचल के विद्यालयों में शिक्षक नदारत रहते हैं और गांव के गैर प्रशिक्षित एवजी नौजवान उनकी डयूटी पूरी करते हैं।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव निर्दोष दीक्षित ने कहा कि कोतवाली और थानों में सरकार का अंकुश नही रहा। पुलिस उगाही में लगी है। पशुओं की अन्ना प्रथा की समस्या के कारण किसानों को फसलों की रखवाली के लिए रात-रात भर जगना पड़ता है। उन्होंने कालपी नगर में यमुना पुल पर लगने वाले जाम की समस्या को लेकर भी गंभीर चिंता जताई और कहा कि इसके समाधान के लिए प्रशासन कोई इच्छा शक्ति नही दिखा रहा। कलेक्ट्रेट में काफी समय धरना चलने की वजह से अफरा-तफरी का माहौल रहा।
आदित्य कुमार मिश्रा, मो. फैजानुल हक, अयूब अंसारी, सीताराम वर्मा एडवोकेट, नवीन यादव, सत्यम सक्सेना, संतोष सिंह चौहान, अजय कुमार सिंह, अशोक सक्सेना, राजेश मिश्रा, संतराम नीलांचल, राजेंद्र कुमार तिवारी, अमित पांडेय उसरगांव, करन सिंह, छाया पालीवाल, असगरी बेगम, भग्गूलाल बाल्मीकि आदि भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।







Leave a comment