उरई। कुठौंद में विद्युत पोल से चिपक कर एक गाय की मौत हो जाने के बाद विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने हंगामा मचा दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री के हैल्प लाइन के नंबर तक पर दस्तक दे डाली। जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर विधिवत मृत गाय का अंतिम संस्कार कराया।
गाय के प्रति लोगों की बढ़ती संवेदनशीलता प्रशासन के लिए भारी सतर्कता का कारण बन गई है। सोमवार को कुठौंद में सब्जी मंडी में विचर रही एक गाय अचानक विद्युत पोल के पास गुजरते समय उसमें करंट उतरने के कारण चपेट में आ गई जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। गाय मरने की खबर पर विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं का जमावड़ा मौके पर लग गया। उन्होंने पहले 100 नंबर डायल किया लेकिन जब काफी देर तक कोई नही आया तो कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के हैल्प लाइन नंबर तक को खड़खड़ा डाला। जिसके बाद थाना पुलिस जेसीबी लेकर पहुंची और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में विधि-विधान से गाय के मृत शरीर का अंतिम संस्कार कराकर उसे दफन कराया। विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता अरुण शुक्ला, सत्यप्रकाश त्रिपाठी, महेंद्र शुक्ला, रोहित बाथम, लक्ष्मी गुप्ता, रजोल गुप्ता, सौरभा झा, सुनील बाथम आदि मौजूद रहे जबकि परशुराम सेना से भी अंकित शुक्ला, सोनू दुबे, विवेक, विपुल, पिंकू महंत, वासु, अंतू, संदीप त्रिपाठी आदि लोग रहे।







Leave a comment